नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वे 92 साल के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इधर, केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है।इसमें पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
मनमोहन लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।
मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे।
मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया।
इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।
मनमोहन का पार्थिव शरीर कल कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। जानकारी के मुताबिक, मनमोहन का अंतिम संस्कार कल होगा। उनकी बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत आ जाएंगी। अंतिम संस्कार किस जगह होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) करेगा।
मोदी ने कहा- देशवासियों की तरफ से मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने हर दल के व्यक्ति से संपर्क रखा, सहज उपलब्ध रहे। यहां दिल्ली आने के बाद भी मेरी उनसे बात मुलाकात होती थी। मुझे उनसे हुईं मुलाकातें और चर्चाएं हमेशा याद रहेंगी। इस कठिन घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करता हूं। सभी देशवासियों की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह ने वित्तीय संकट से घिरे देश को एक नई अर्थव्यवस्था के मार्ग पर प्रशस्त किया। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। जनता के प्रति देश के विकास के प्रति उनका कमिटमेंट उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह जी का जीवन, उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था। उनकी विनम्रता सौम्यता उनके संसदीय जीवन की पहचान बनी।
राष्ट्रपति भवन का आधा ध्वज झुकाया गया
मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति भवन का राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले आखिरी पीएम थे मनमोहन सिंह
3 जनवरी 2014 को मनमोहन सिंह ने बतौर पीएम आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने 100 से ज्यादा जर्नलिस्ट के 62 सवालों के जवाब दिए थे। इसमें मनमोहन सिंह ने कहा था, “मुझे ईमानदारी से विश्वास है कि इतिहास मेरे प्रति समकालीन मीडिया की तुलना में अधिक उदार होगा।”
बतौर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 5 यादगार तस्वीरें…
तस्वीर 19 सितम्बर 2004 की है। जब पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ नई दिल्ली के 7 रेसकोर्स रोड पर एक इवेंट में मौजूद थे।
तस्वीर 12 अप्रैल 2010 की है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, वाशिंगटन के ब्लेयर हाउस में परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ बैठक के दौरान नजर आए थे।
तस्वीर 12 मार्च 2010 की है। जब तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में एक बैठक में अपने रूसी काउंटरपार्ट व्लादिमीर पुतिन के साथ मीटिंग में।
इस तस्वीर में 15 अगस्त 2013 को तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह 67वें स्वतंत्रता दिवस पर नई दिल्ली में लाल किले से देश को संबोधित करने जाते हुए नजर आ रहे हैं। बतौर प्रधानमंत्री यह उनका आखिरी भाषण था।