नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ : पिछले 24 घंटे के अंदर देश में अलग-अलग मौसम देखने को मिला। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में कई जगह पारा 40 से 46°C के बीच रहा। हालांकि, आंधी और हल्की बारिश से कई इलाकों में तापमान 2 से 3°C तक घट भी गया।
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से प्रदेश में 13 लोगों की मौत हो गई। सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा 7 मौतें हुईं। 21 लोग घायल हो गए। अयोध्या- अमेठी में 2-2, प्रयागराज और गाजीपुर में 1-1 की जान गई।
यूपी का बांदा लगातार तीसरे दिन 45.8°C के साथ सबसे गर्म रहा। राजस्थान-मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 40°C से ज्यादा रहा। एमपी में भोपाल और सीधी सबसे ज्यादा गर्म रहे। यहां पारा 43°C से ज्यादा रहा।
मौसम का हाल
1 मई:
- पश्चिमी राजस्थान में लू चलेगी। उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल, बिहार, झारखंड, गंगा से सटे बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है।
- केरलम, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिुपरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। यानी यहां भारी बारिश होगी।
2 मई:
- पाकिस्तान से सटे राजस्थान में धूल भरी आंधी चलेगी। लू भी चलेगी। साथ ही आंधी बारिश का भी अलर्ट है।
- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा, बिहार, झारखंड, बंगाल, तेलंगाना, दक्षिण कर्नाटक में आंधी बारिश का यलो अलर्ट है।
- सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरलम में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।

प्रयागराज में लोग गर्मी और तेज धूप से बचने के लिए थर्माकोल की सीट से सिर ढककर निकले।

प्रयागराज में गर्मी से बचने के लिए कौवे मिट्टी के सकोरे से पानी पीते नजर आए।

केरलम के थूथुकुडी में भीषण गर्मी के कारण नमक के खेतों में काम करने वाले मजदूरों को शिफ्ट रात 1 बजे ही शुरू करनी पड़ रही है, ताकि वे दोपहर की तेज गर्मी से बच सकें।

केरलम के तिरुवनंतपुरम में वेली झील टूरिस्ट विलेज के पास, गर्मी के कारण टूरिस्ट घट गए हैं। इन्हीं टूरिस्ट को घुमाने वाले घोड़े को एक अस्थायी शेड के नीचे रखा गया।
नॉर्थ-ईस्ट के 7 राज्यों में बारिश
पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के सभी 7 राज्यों में भी बारिश हुई। मिजोरम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में स्कूल दूसरे दिन भी बंद रहे। खराब मौसम के चलते केदारनाथ धाम, फाटा, सोनप्रयाग, सर्सी और गुप्तकाशी में हेलीकॉप्टर सेवाएं रोक दी गईं हैं।
मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश में आंधी, बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा रेड अलर्ट पर हैं।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले की भलेसा पहाड़ी पर गुरुवार सुबह हल्की बारिश हुई।
एक साथ तीन सिस्टम एक्टिव, इसलिए मौसम के ऐसे हालात
दरअसल, देश में कई मौसमी सिस्टम एक साथ एक्टिव हो गए हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस, उत्तर से पूर्व तक फैली ट्रफ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी, ये तीनों मिलकर अस्थिर मौसम बना रहे हैं। जिन क्षेत्रों तक नमी नहीं पहुंच रही, वहां जमीन बेहद गर्म होने से लू चल रही है।
मौसम के ऐसे हालात पूरी तरह असामान्य नहीं हैं। अप्रैल-मई में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होती हैं। पर इस बार कई सिस्टम एक साथ ज्यादा एक्टिव हैं। इसी कारण मौसम का असर ज्यादा तेज दिख रहा है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस यानी ठंडी और नम हवाओं का सिस्टम है। भूमध्यसागर क्षेत्र से उत्तर भारत तक आता है। अभी उत्तरी पाकिस्तान व आसपास के क्षेत्रों पर सक्रिय है। असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड तक है। उत्तर भारत के मैदानों में इसी वजह से आंधी-बारिश हो रही है।
ट्रफ लाइन यानी यह कम दबाव की पट्टी है। गर्म और नम हवाओं के मिलने का मार्ग बनाती है। पश्चिमी विक्षोभ की ठंडी और खाड़ी से आई नम हवा ट्रफ के साथ मिलने पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होती है।

