Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

खुशियों की जगह पसरा मातम, दशहरे के दिन कई राज्यों में हुए सड़क हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत

नई दिल्ली : दशहरे के दिन देश के अलग-अलग राज्यों में हुए सड़क हादसे में अब तक 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। बिहार के गोपालगंज में सोमवार की रात दुर्गा पूजा पंडाल में तीन लोगों की जान चली गई। तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई जिले में मंगलवार तड़के कार और सरकारी बस के टक्कर में कई लोगों की जान चली गई, वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अभी तक प्राप्त जानकारी के मुताबिक झारखंड के देवघर के अजय बराज में बोलेरो गिर जाने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई।

अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ही परिवार के सभी सदस्य बोलेरो से आसनसोल से गिरिडीह जा रहे थे। रास्ते में सिकटिया के पास बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त होकर अजय बराज में गिर गया। वाहन में सवार दो बच्चों समेत पांच लोग पानी में डूब गए। एक व्यक्ति बचकर निकलने में कामयाब रहा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी शव बाहर निकाले गए। बता दें कि आसनसोल संकुल सीआरपी मनोज चौधरी की बेटी, दामाद, बच्चे बोलेरो में सवार होकर गिरिडीह जा रहे थे। तड़के यह हादसा हुआ।

बिहार के गोपालगंज के गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास स्थित राजा दल पूजा पंडाल में सोमवार की रात दुर्गा पूजा मेले में भीषण भगदड़ मच गई। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। मरने वालों में दो महिलाएं और एक छोटा बच्चा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि भीड़ बहुत ज्यादा जमा हो गई थी और निकलने का रास्ता पर्याप्त नहीं था। इसी वजह से भगदड़ मच गई। अचानक शोर मच गया जिससे वहां मौजूद लोग डर कर भागने लगे। इसी दौरान महिलाएं गिर गईं और भाग रहे लोगों ने उन्हें कुचल दिया। भीड़ के बीच मौजूद पूजा समिति के सदस्य और सुरक्षाबलों के जवान लोगों को समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन, कोई किसी की नहीं सुन रहा था। सब पंडाल से बाहर निकालने के लिए आतुर थे।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम नवल किशोर चौधरी और एसपी स्वर्ण प्रभात मौके पर फौरन पहुंचे। भीड़ को संभालने में सभी जुट गए हालांकि तब तक स्थिति बहुत ठीक हो गई थी। डीएम ने भगदड़ के जांच का आदेश दिया है। आज विजयादशमी पर लगने वाले दुर्गा मेले पर प्रशासन ने रोक लगा दी। सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक श्रद्धालु पंडालों और मंदिरों में जाकर पूजा और दर्शन कर सकेंगे। उसके बाद प्रवेश बंद रहेगा। पूजा समिति के लोग ही पंडाल में रहेंगे और रात्रि पूजन करेंगे।

तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, कार और बस की भीषण टक्कर में कई लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *