- 2 लाख की सुपारी, ऐश्वर्या ने तेजेश्वर को मरवाया
कुरनूल : ‘शादी के बाद भी ऐश्वर्या अपने प्रेमी तिरुमला से पूरा दिन फोन पर बात करती थी। उसके पति तेजेश्वर को ये बात पसंद नहीं थी। दोनों के बीच काफी कहासुनी होती थी। गुस्से में ऐश्वर्या ने तेजेश्वर को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।’
‘तिरुमला ने सुपारी किलर्स को 2 लाख रुपए दिए। ऐश्वर्या ने तेजेश्वर की बाइक में चुपके से GPS ट्रैकर लगाया और उसकी हर एक्टिविटी के बारे में सुपारी किलर्स को बताने लगी। तेजेश्वर को मारने की 5 बार कोशिश की गई, लेकिन वो हर बार बच जाता। आखिर में आरोपियों ने उसे जमीन के सर्वे के बहाने कुरनूल बुलाया और मार डाला। जांच में पता चला है कि हत्या से पहले ऐश्वर्या और तिरुमला के बीच फोन पर 2 हजार बार बात हुई। ‘
ये बात बताने वाले तेलंगाना के सीनियर पुलिस अधिकारी तेजेश्वर मर्डर केस की जांच कर रहे हैं। कुरनूर के गडवाल के रहने वाले 32 साल के तेजेश्वर लैंड सर्वेयर थे। 18 मई को उनकी शादी हुई थी। तेजेश्वर की हत्या का आरोप उनकी पत्नी ऐश्वर्या, उसके प्रेमी तिरुमला राव समेत 5 लोगों पर है।

तेजेश्वर और ऐश्वर्या की शादी 18 मई को हुई थी। शादी से 5 दिन पहले भी ऐश्वर्या घर से चली गई थी।
ऐश्वर्या ने शादी के एक महीने बाद पति के मर्डर की साजिश रची या शादी के पहले से ये प्लान था, तेलंगाना पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची, ये सवाल हमने तेलंगाना पुलिस और तेजेश्वर के घरवालों से पूछे। राजा रघुवंशी मर्डर केस से मिलते-जुलते इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
घरवालों के मना किया, फिर भी तेजेश्वर ने ऐश्वर्या को चुना
तेजेश्वर कुरनूल जिले से 60 किलोमीटर दूर गडवाल कस्बे में रहते थे। परिवार में पापा गंता जयरामुलू, मां शकुंतला, भाई तेजवर्धन और बहन सुषमा हैं। तेजवर्धन ने ही 17 जून को गडवाल थाने में तेजेश्वर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
तेजवर्धन कहते हैं, ‘तेजेश्वर मेरा जुड़वा भाई था। बहुत सीधा-साधा और मेहनती लड़का था। घर चलाने के लिए नौकरी के साथ-साथ बच्चों को डांस सिखाता था। ऐश्वर्या से शादी तय होते ही चीजें बिगड़ने लगीं।’

शादी से कुछ दिन पहले ऐश्वर्या बिना बताए अचानक घर से चली गई थी। तभी हमने तेजेश्वर को समझाया कि ऐसी लड़की से शादी करना ठीक नहीं है, लेकिन वो नहीं माना।
‘17 जून को मेरा भाई लापता हो गया। मैं ऐश्वर्या को गौर से देख रहा था। उसने मेरे भाई की मौत के बाद भी एक आंसू तक नहीं बहाया, न ही उसके चेहरे पर दर्द या तकलीफ दिखी। वो कमरे में जाकर बार-बार किसी से बात करती थी।’
‘ऐश्वर्या का ये बर्ताव देखकर मुझे उस पर शक होने लगा। मैंने पुलिस को ये बात बताई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ कर पूछताछ शुरू की।’
शादी के 30 दिन बाद मर्डर
ये कहानी 13 फरवरी 2025 से शुरू हुई थी। तेजेश्वर के परिवार और पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या का परिवार रिश्ता लेकर तेजेश्वर के घर आया था। उसकी अच्छी नौकरी लगी थी। ऐश्वर्या भी बैंक में काम करती थी। जोड़ी अच्छी थी, इसलिए दोनों परिवारों ने रिश्ता पक्का कर दिया। शादी की तारीख 18 मई तय हुई। तैयारियां भी शुरू हो गईं, लेकिन शादी से 5 दिन पहले 13 मई को ऐश्वर्या घर से गायब हो गई।
ये बात तेजेश्वर के घरवालों को भी पता चली। ऐश्वर्या के घरवालों ने दावा किया कि वो मां पर दहेज का दबाव देखकर परेशान थी। इसलिए कुछ दिनों के लिए अपनी दोस्त के घर चली गई है। दो दिन तक ऐश्वर्या का पता नहीं चला, तो बातें होने लगीं कि वो किसी और के साथ भाग गई है।
शादी से दो दिन पहले 16 मई को ऐश्वर्या अचानक घर लौट आई। उसने सभी से माफी मांगी और कहा कि मैं परेशान थी, लेकिन अब सब ठीक करना चाहती हूं। उसने तेजेश्वर को रोते हुए भरोसा दिलाया कि वो उसे पसंद करती है और उसी से शादी करना चाहती है।
इस घटना के बाद से तेजेश्वर के घरवाले ऐश्वर्या को नापसंद करने लगे थे। हालांकि, तेजेश्वर सब भुलाकर ऐश्वर्या से शादी करने को तैयार हो गया। दोनों परिवारों ने 18 मई 2025 को तेजेश्वर-ऐश्वर्या की शादी करा दी। इसी के बाद चीजें खराब होना शुरू हो गईं।
परिवार के मुताबिक, शादी के दूसरे दिन से ऐश्वर्या का व्यवहार बदलने लगा। वो दिनभर मोबाइल फोन पर लगी रहती, तेजेश्वर से बात तक नहीं करती थी। एक दिन तेजेश्वर और ऐश्वर्या के बीच खूब कहासुनी हुई। उसने सारी बात परिवार को भी बताई, लेकिन सबने यही समझा कि नई शादी है। ऐश्वर्या को थोड़ा वक्त देना चाहिए।

