वाराणसी : सावन का आज पहला दिन है। गुरुवार सुबह से ही वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत सभी प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगी हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ का फूलों से श्रृंगार किया गया। मंगला आरती के बाद से अब तक 50 हजार से अधिक भक्त बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
सुबह साढ़े 8 बजे सीएम योगी काशी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काल भैरव के दर्शन कर आरती की। इसके बाद बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और भस्म चढ़ाई। वह काशी की गलियों में भी घूमे। दुकानदारों से पूछा- “इंतजाम में कोई कमी तो नहीं है?” उन्होंने एक दुकान में बैठे बच्चे को दुलारा। उसे चॉकलेट दी।
योगी ने अफसरों को निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में कोई दिक्कत न हो। बता दें कि पिछले साल की तरह इस बार भी पूरे सावन काशी विश्वनाथ मंदिर में VIP दर्शन पर रोक रहेगी।
इधर, प्रदेश की सड़कों और हाईवे पर कांवड़ियों का रेला दिखने लगा है। आज बरेली में कांवड़ यात्रा को लेकर एक अहम बैठक होगी, जिसमें डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव एसपी गोयल और 9 जिलों के डीएम शामिल होंगे। बैठक में नई गाइडलाइन जारी हो सकती हैं।

काशी में CM योगी आदित्यनाथ ने सावन महीने के पहले दिन श्री काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना की।

गोरखपुर के महादेव झारखंडी शिव मंदिर में सुबह से भक्तों की लंबी लाइन लगी रही।

अयोध्या में पूजा-अर्चना करने के लिए नागेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं ने महादेव की पूजा-अर्चना की।

काशी में सुबह 9 बजे तक करीब 50 हजार से अधिक भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए।

काशी में विश्वनाथ मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी लाइन दिखाई दी। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है।
500 रुपए के नोटों से सजी कांवड़ लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचा भक्त
मुजफ्फरनगर में बुधवार देर रात करीब 11 बजे एक युवक 500-500 की नोटों से सजी कांवड़ लेकर शिव चौक पहुंचा। जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिल्ली के शालीमार गार्डन निवासी विकास अपने दो साथियों के साथ हरिद्वार की हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर दिल्ली के लिए निकले हैं। कांवड़ की खासियत यह है कि उसे ₹500-₹500 के असली नोटों से सजाया गया है। कुल ₹7,000 के असली नोटों से सजी यह कांवड़ शिव चौक पर आकर्षण का केंद्र बनी रही। विकास का कहना है वो माता-पिता की लंबी उम्र की कामना के साथ कांवड़ लेकर पहुंचा है।
प्रतापगढ़ में बाबा बेलखरनाथ धाम में भक्तों की भीड़ उमड़ी
प्रतापगढ़ में बाबा बेलखरनाथ धाम में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों कांवड़िए और श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजन-अर्चन करते रहे। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।
प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़
प्रयागराज के प्राचीन श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ है। भोर में मंदिर के महंत श्रीधरानंद जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान मनकामेश्वर का विशेष पूजन, जलाभिषेक और श्रृंगार किया।
इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।
वाराणसी में शिवभक्तों ने गंगा आरती कर लिया स्वच्छता का संकल्प
काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंचे शिवभक्तों को नमामि गंगे अभियान के तहत गंगा जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
इस दौरान गंगा सेवियों और शिवभक्तों ने मां गंगा की आरती उतारी और घाटों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने लोगों से गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की अपील करते हुए सभी को जागरूक किया।

