राजसमंद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नाथद्वारा में 10 मई को प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी शनिवार दोपहर राजसमंद पहुंचे। उन्होंने यहां जिला कार्यसमिति के पदाधिकारियों की बैठक ली। मोदी की सभा में एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य तय किया है। इधर, सांसद दीया कुमारी ने नाथद्वारा जाकर सभास्थल दामोदरदास स्टेडियम का जायजा लिया।
भाजपा की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पूरे मेवाड़ के लिए यह गर्व की बात है कि मेवाड़ को मारवाड़ रेलमार्ग से जोडऩे वाली मावली-मारवाड़ रेललाइन आमान परिवर्तन के प्रथम चरण का शिलान्यास श्रीनाथजी की नगरी से 10 मई की सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा- मुझे पूरा विश्वास है कि राजसमंद ही नहीं, पूरे मेवाड़ व राजस्थान से लोग प्रधानमंत्री मोदी को सुनने आएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों में अपना 100 प्रतिशत योगदान देने व प्रत्येक बूथ तक जाने का आह्वान किया।
मोदी की 10 मई को प्रस्तावित यात्रा और सभा को लेकर सांसद दीया कुमारी ने पार्टी पदाधिकारियों और प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ सभास्थल का निरीक्षण किया। सांसद ने नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में लालबाग स्थित दामोदर स्टेडियम में होने वाली सभा की तैयारियों को लेकर सभा स्थल, पांडाल हेलीपेड, पार्किंग, यातायात सहित अन्य विषयों पर प्रशासनिक अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। यहां कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना, जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, पीडी एनएच, एडीएम रामचरण शर्मा, सीईओ मंदिर जितेंद्र ओझा, भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह बारहठ, महेश प्रताप सिंह चौहान, जिला प्रमुख रतनी देवी, प्रदीप काबरा, भाजपा नेता कर्णवीर सिंह राठौड़, माधव जाट, सीपी धींग, मीडिया संयोजक मधुप्रकाश लड्ढ़ा, मण्डल अध्यक्ष हरदयाल सिंह सहित एनएच अधिकारी, रेलवे अधिकारी जनप्रतिनिधि सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश महामंत्री ने ली बैठक
प्रदेश महामंत्री व सांसद दीया कुमारी ने कहा कि मावली-मारवाड़ आमान परिवर्तन दशकों की उम्मीद पूरी करेगा। उन्होंने स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ (पूर्व सांसद) के प्रयासों को भी याद करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने भी बहुत मेहनत की है। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी के लिए प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी हो रही है। इतना तो हो कि कम से कम एक लाख लोग कार्यक्रम में शिरकत करें।

