Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

क्या संजू सैमसन को मिलेगा प्लेइंग-11 में मौका:एशिया कप में आज भारत का पहला मैच UAE से, 3 स्पिनर्स खेल सकते हैं

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : एक महीना पांच दिन के ब्रेक के बाद भारतीय क्रिकेट टीम आज एक्शन में होगी। भारत ने 4 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद से कोई मैच नहीं खेला है।

इस बार फॉर्मेट टी-20 का है और मंच है एशिया कप। टूर्नामेंट में भारत का पहला मुकाबला दुबई में UAE से होगा। मैच भारतीय टाइमिंग के हिसाब से रात 8 बजे शुरू होगा।

भारत और UAE दोनों ही ग्रुप ए में हैं। पाकिस्तान और ओमान की टीमें भी इसी ग्रुप में हैं। ग्रुप की सभी टीमों को आपस में एक-एक मैच खेलना है। टॉप-2 टीमें सुपर-4 में पहुंचेंगी।

सबसे बड़ा सवाल- ओपनिंग जोड़ी क्या होगी

भारतीय टीम के सामने इस समय सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग जोड़ी को लेकर है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पिछले साल जून में हुए टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टी-20 टीम के ओपनर्स रहे हैं। हालांकि, एशिया कप स्क्वॉड में शुभमन गिल को भी शामिल किया गया है।

अभिषेक शर्मा का ओपनिंग करना तय है। वे अपने करियर में इसी पोजिशन पर खेलते रहे हैं। अब अभिषेक के साथ संजू ओपनिंग करेंगे या गिल यह फैसला टीम मैनेजमेंट को लेना है। अगर अभिषेक और गिल ओपनिंग करते हैं तो संजू नंबर-3 पर खेल सकते हैं। इस स्थिति में तिलक वर्मा को बाहर बैठना होगा। नंबर-4 पर कप्तान सूर्यकुमार यादव खेल सकते हैं।

संजू बाहर रहे तभी खेलेंगे जितेश

ओपनिंग के अलावा भारत के सामने दूसरा बड़ा सवाल विकेटकीपिंग को लेकर है। संजू खेलते हैं तो वही विकेटकीपिंग करेंगे। अगर संजू बाहर रहते हैं तो जितेश शर्मा विकेटकीपिंग का जिम्मा संभालेंगे। दो ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल का प्लेइंग-11 में शामिल होना पक्का माना जा रहा है।

दो स्पेशलिस्ट फास्ट बॉलर्स होंगे प्लेइंग-11 में

भारतीय टीम ने अब तक जिस तरह प्रैक्टिस की है उससे संकेत यही मिल रहा है कि प्लेइंग-11 में तीन स्पिनर जरूर शामिल होंगे। एक स्पिनर तो अक्षर पटेल होंगे। उनके साथ कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को भी मौका मिल सकता है। तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह का खेलना तय माना जा रहा है। उनके साथ हर्षित राणा को मौका मिल सकता है।

भारत ने जीता है UAE के खिलाफ इकलौता मुकाबला

टी-20 फॉर्मेट में इससे पहले सिर्फ एक बार भारत और UAE की भिड़ंत हुई है। 2016 एशिया कप में हुई भिड़ंत में भारत ने 9 विकेट से जीत हासिल की थी। तीन बार दोनों टीमें वनडे फॉर्मेट में आमने-सामने हो चुकी है। तीनों बार भारत ने जीत हासिल की।

UAE के कोच भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिता चुके

UAE के कोच लालचंद राजपूत हैं। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप जीत चुकी है। 2007 में वनडे वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद ग्रेग चैपल ने भारतीय टीम की कोचिंग छोड़ दी थी। उसी साल खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के लिए लालचंद राजपूत को कोचिंग का जिम्मेदारी दी गई। भारत ने तब फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

  • भारतः अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
  • UAE: मोहम्मद वसीम (कप्तान), आलिशान शराफू, राहुल चोपड़ा, आसिफ खान, मोहम्मद फारूक, हर्षित कौशिक, मोहम्मद जोहेब, मोहम्मद जवादुल्लाह, हैदर अली, जुनैद सिद्दिकी, मोहम्मद रोहिद।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *