दैनिक उजाला, मथुरा/बलदेव : ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा और अधिकमास के पावन अवसर पर विद्युत उपकेंद्र बलदेव के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिक्रमार्थियों की सेवा में सहभागिता निभाते हुए जूस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में गुजर रहे श्रद्धालुओं को जूस वितरित कर उन्हें राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व विद्युत उपकेंद्र बलदेव के एसडीओ प्रकाश सिंह ने किया। इस दौरान विभागीय कर्मचारियों ने भी सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने विद्युत विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

एसडीओ प्रकाश सिंह ने कहा कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। परिक्रमार्थियों की सेवा करना हम सभी का दायित्व है। अधिकमास के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सहायता और सेवा का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। विद्युत विभाग जनसेवा के अपने दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी सदैव सहभागी रहेगा।
उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभागीय कर्मचारियों ने भी सेवा कार्यों में सक्रिय सहयोग दिया। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने विभाग की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सद्भाव का संदेश देते हैं।

