Breaking
Mon. Apr 6th, 2026

सर्वर डाउन है, गाड़ी नहीं आई… ये हैं दावे, अव्यवस्था ये कि सिलिंडर नहीं, आपूर्ति के मैसेज पहुंच रहे

मेरठ : भले ही कहा जा रहा है कि शादियों के लिए व्यावसायिक गैस सिलिंडर मिलेंगे, लेकिन वास्तविकता यह है कि अब बड़ी चुनौती सामने आने वाली है। कैटर्स और मंडप संचालकों को सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं, सिर्फ आयोजक के आवेदन पर ही सीमित संख्या में सिलिंडर दिए जा रहे हैं। अब चुनौती यह आने वाली है कि विशेष मुहूर्तों में बड़ी संख्या में शादियां होती हैं।

अनुमान है कि विशेष मुहूर्त में एक दिन में ही 300 से अधिक शादियां होंगी, जबकि जिला पूर्ति विभाग ने 450 सिलिंडर का पूरे महीने के लिए कोटा निर्धारित किया है। इतनी अधिक संख्या में होने वाली शादियों के लिए सिलिंडर कैसे उपलब्ध होंगे, इसके लिए मंडप एसोसिएशन को चिंता सताने लगी है। मेरठ मंडप एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल सिंघल ने कहा कि किसी भी बड़े स्तर के शादी समारोह में 10 से 15 तक सिलिंडर उपयोग होते हैं। जब एक ही दिन में सैकड़ों शादियां होंगी तो विभाग आपूर्ति कैसे करेगा।

उन्होंने कहा कि एसोसिशन के पदाधिकारी जिलाधिकारी से मिलकर शादियों के लिए कोटा बढ़ाने की मांग करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मंडपों को सिलिंडर अब नहीं मिल रहे हैं, जिसकी तरफ से आयोजन होता है उसी को सिलिंडर की व्यवस्था करनी होती है। 13 अप्रैल से सगाई और 15 अप्रैल से शादियों का मुहूर्त शुरू हो रहा है। 19 अप्रैल को विशेष मुहूर्त है। उस दिन सबसे अधिक शादियां होंगी।

नितांत कैटर्स के निदेशक नितांत का कहना है कि कैटर्स को सिलिंडर मिलने की व्यवस्था बंद है। इस स्थिति में लड़का या लड़की पक्ष ही सिलिंडर उपलब्ध कराता है। मेहमान व व्यंजनों के हिसाब से सिलिंडर की आवश्यकता रहती है।

समस्या दूर नहीं हो रही, उनभोक्ता जाएं तो कहां
मेरठ : एजेंसियों पर एलपीजी के लिए बुकिंग और सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की कतारें नहीं टूट रही हैं। बागपत रोड स्थित आभा गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लगे लोगों ने बताया कि बुकिंग के लिए आते हैं तो सर्वर डाउन बताया जाता है। कुछ लोगों की बुकिंग हो भी जाती है तो सिलिंडर लेने के लिए गोदाम जाते हैं तो वहां कहा जाता है कि गाड़ी नहीं आई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या दूर नहीं हो रही है। ऐसे में वह जाएं तो जाएं कहां।

आभा गैस एजेंसी पर सिलिंडर बुक कराने आईं मुल्ताननगर की सुधा ने बताया कि बुकिंग कराने में एजेंसी संचालक परेशान कर रहे हैं। लोग सुबह आठ बजे लाइन में लगते हैं। अगर बुकिंग हो गई तो गोदाम पर सिलिंडर लेने जाते हैं तो वहां यह कहकर टरका दिया जा रहा है कि सिलिंडर की गाड़ी नहीं आई है। इसी तरह संजीवनी गैस एजेंसी पर लाइन में लगे गढ़ रोड निवासी मनोज कुमार ने बताया कि सिलिंडर लेने के लिए गोदाम पर जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कभी गाड़ी नहीं आने की बात कही जाती है तो कभी कहा जाता है कि सिलिंडर बुकिंग का समय पूरा नहीं हुआ है। गुप्ता कालोनी के आदित्य कुमार ने बताया कि लाइन में दो घंटे तक लगने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिला। नौचंदी निवासी रमेश ने भी इसी तरह की समस्या बताई।

डिलीवरी का मैसेज, सिलिंडर का अता-पता नहीं
उपभोक्ताओं को सिलिंडर लेने में परेशानी हो रही है। कई उपभोक्ता हैं जिन्हें एजेंसी से सिलिंडर तो मिला नहीं, मगर उनके मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज जरूर पहुंच गया। ऐसे उपभोक्ता रविवार को कंकरखेड़ा की खिर्वा रोड स्थित मधु गैस एजेंसी पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। रविवार को करीब 20 से अधिक उपभोक्ता एजेंसी पहुंचे। सभी ने अपनी-अपनी शिकायतें स्टाफ को बताईं। आरोप था कि स्टाफ सही जबाव नहीं दे रहा है।

आरोप लगाया कि उनके मोबाइल पर गैस सिलिंडर की डिलीवरी का मैसेज आया है, मगर सिलिंडर अभी तक नहीं पहुंचा। हापुड़ रोड पर सिलिंडर रखकर लोगों ने लगाया जाम : सिलिंडर नहीं मिलने के कारण रविवार सुबह सात बजे लोगों ने हापुड़ रोड स्थित हुमायूं नगर के सामने सड़क पर सिलिंडर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का आरोप है कि हुमायूं नगर गैस एजेंसी पर बुकिंग के बाद भी सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। जबकि मोबाइल पर मैसेज आ रहा है कि सिलिंडर की सप्लाई कर दी गई है। करीब आधा घंटे बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *