Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

मौसम का सितम : पूरे उत्तर भारत में शीतलहर

नई दिल्ली : देर से शुरू हुई तेज सर्दी ने अब समूचे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है। क्रिसमस के बाद नए साल के जश्न पर भी तेज सर्दी का असर दिखेगा। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कुछ राज्यों के लिए अगले पांच दिन तक घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली के साथ उत्तरी राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन तक शीतलहर की आशंका जताई गई है। राजस्थान के माउंट आबू और चूरू में तापमान में रेकॉर्ड गिरावट आई है। माउंट आबू में बर्फबारी हुई है।

पांच दिन तक नहीं मिलेगी राहत
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सोमवार को छाया घना कोहरा मंगलवार को भी बरकरार रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री के भीतर दर्ज किया गया।
घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर काफी असर पड़ा। अगले कुछ दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल में कोहरा छाया रह सकता है। हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी होगी।

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी होगी। तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। चंडीगढ़ में 31 दिसंबर को बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र में भी तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
ठंड के कारण बिहार के पटना में 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। गाजियाबाद में स्कूल का समय बदलकर सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक कर दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर में भी तेजी से पारा गिरा है। कई स्थानों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। राज्य इस समय 40 दिन के ‘चिल्लई कला’ के दौर से गुजर रहा है।

चूरू और नारनौल में आज शीतलहर
27 दिसंबरः हिसार, चूरू और नारनौल में शीतलहर चलेगी। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे जा सकता है।
28 दिसंबरः हिसार का तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। शीतलहर चलेगी।
29 दिसंबरः दिल्ली का तापमान 8 डिग्री, चंडीगढ़ और लखनऊ का 9 डिग्री रह सकता है।
30 दिसंबरः चंडीगढ़ का तापमान बढ़कर 10 डिग्री हो सकता है। दिल्ली 8 डिग्री और लखनऊ 9 डिग्री पर बना रहेगा।

(स्रोतः मौसम विभाग)

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *