Breaking
Tue. Nov 17th, 2026

राहुल गांधी गर्लफ्रेंड को कैंब्रिज के रेस्टॉरेंट ले गए थे:देखना चाहते थे पेरेंट्स कहां मिले; जब पूछा- अब ‘वो’ किधर है, तो बोले- दोस्त है

नई दिल्ली में 16 नवंबर को सोनिया गांधी की किताब की औपचारिक लॉन्चिंग हुई।

नई दिल्ली : राहुल गांधी ने सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्चिंग इवेंट के दौरान पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। हालांकि जब उनसे पूछा गयाा कि अब वो गर्लफ्रेंड किधर है, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा- अब वह दोस्त हैं।

इवेंट के बाद X पर एक पोस्ट में राहुल ने यह भी बताया कि इस दौरान अचानक बचपन से अब तक की कई यादें ताजा हो गईं।

दरअसल, कार्यक्रम में राहुल ने अपने माता-पिता, राजीव और सोनिया के रिश्ते पर बात की। राहुल ने बताया कि वह कैम्ब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उस वर्सिटी रेस्टोरेंट में गए थे, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे।

राहुल स्पीच के बाद मां सोनिया के पास पहुंचे।

राहुल स्पीच के बाद मां सोनिया के पास पहुंचे।

राहुल ने बताया- मैं वर्सिटी रेस्टारेंट में जाकर बैठ गया

राहुल ने बताया कि कई सालों बाद, जब मैं कैम्ब्रिज में था, तो मैं अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वर्सिटी रेस्टोरेंट में जाकर बैठ गया।

वेटर मेन्यू लेकर आया, तो मैंने उससे कहा, ‘मेरे माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे।’ उसने मेरी तरफ देखा और बोला, ‘ओह, वे लोग? मैं उन्हें जानता हूं।’

मैंने पूछा, ‘आप उनके बारे में क्या जानते हैं?’ उसने कहा, ‘हां, वे दोनों। मुझे अच्छे से पता है कि आप किनकी बात कर रहे हैं।’

इंग्लैंड के कैम्ब्रिज का 'ग्रीक रेस्टोरेंट'। यहीं 1965 में सोनिया पहली बार राजीव गांधी से मिली थीं।

इंग्लैंड के कैम्ब्रिज का ‘ग्रीक रेस्टोरेंट’। यहीं 1965 में सोनिया पहली बार राजीव गांधी से मिली थीं।

राहुल ने कहा- प्यार में पड़ना है तो जाइए, लेकिन…..

राहुल ने किस्सा आगे बढ़ाते हुए कहा- जब वेटर से पूछा कि मेन्यू में क्या अच्छा है, तो उन्होंने ‘चिकन चैसर’ लेने की सलाह दी। इसके बाद राहुल बोले- सुनिए, अगर आप प्यार में पड़ना चाहते हैं, तो वर्सिटी रेस्तरां जाइए, लेकिन वहां कभी ‘चिकन चैसर’ मत खाइएगा।

राहुल ने सोनिया की ओर इशारा करते हुए कहा- “उन्हें शायद याद है कि यह बहुत शानदार था, जबकि खाना बहुत ही खराब था।”

राजीव गांधी की हत्या के बाद बदली मां की जिंदगी

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि उनके परिवार ने जिंदगी के दो महत्वपूर्ण सहारे खोए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र किया।

राजीव गांधी की मौत के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। राहुल ने किताब के टाइटल के मायने समझाते हुए अपने माता-पिता के गहरे रिश्ते की बात कही।

राहुल गांधी ने कहा, “यह उनके लिए बहुत डरावना समय था, क्योंकि उन्हें पता था कि ऐसा होने वाला है। किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ है, क्योंकि वह मेरे पिता से जुड़ी थीं और मेरे पिता उनसे जुड़े थे।”

उन्होंने कहा, “फिर मेरे पिता चले गए और उन्होंने एक दूसरी यात्रा शुरू की। एक अलग मां। मौज-मस्ती करने वाली मां और मुस्कुराने वाली मां गायब हो गईं। एक नई मां सामने आई।”

राहुल बोले- कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के निर्देश थे

राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश मिले थे। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी को उनके बेटे के रूप में लोगों के सामने रखना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे बहुत सख्त निर्देश मिले हैं और मैं उनका पालन करूंगा। राजनीति नहीं होगी। लेकिन एक बेटे या बच्चों के रूप में मुझे लगा कि हममें से किसी एक को अपनी मां की थोड़ी झलक भी दिखानी चाहिए।”

हार्पर कॉलिन्स का दावा- 7 दिन में 2 लाख से ज्यादा कॉपी बिकीं

हार्परकॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन के अनुसार, एक हफ्ते से भी कम समय में सोनिया गांधी की किताब की दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। इसने प्रकाशन के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और स्वतंत्र भारत के इतिहास के सबसे बड़े संस्मरणों में से एक बनकर उभरी है। इस किताब को 10 नवंबर को मार्केट में लॉन्च किया गया था।

उन्होंने बताया कि किताब के रिलीज होने के दिन 10 मिनट से भी कम समय में 15,000 से ज्यादा कॉपियां डिलीवर कर दी गईं, जो देश के पब्लिशिंग इतिहास में सबसे तेजी से डिलीवर की गई किताब बन गई है।

इंडस्ट्री के जानकारों के अनुसार, किसी किताब को ‘बेस्टसेलर’ मानने के पैमाने लेखक, जॉनर (विधा) और पब्लिशर के हिसाब से अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन भारत में आमतौर पर जब किसी किताब की 10,000 से ज्यादा कॉपियां बिक जाती हैं, तो उसे बेस्टसेलर माना जाता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *