दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का का पहला मुक़ाबला गुरुवार को खेला गया। मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आई एस बिन्द्रा स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में नियमित कप्तान रोहित शर्मा ने 14 महीने बाद टी20 क्रिकेट में वापसी की। लेकिन यह वापसी उनके लिए अच्छी साबित नहीं हुई और उन्होंने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
इस मैच में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा कुछ खास नहीं कर पाये और साथी सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की एक गलती की वजह से रनआउट हो गए। रोहित इस मैच में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसी के साथ वे टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। 52 पारियों में यह पांचवीं बार था जब रोहित डक पर आउट हुए हैं। वहीं अन्य भारतीय कप्तानों की बात की जाये तो 147 पारियों में सिर्फ चार बार ऐसा हुआ है जब भारतीय कप्तान शून्य पर आउट हुए हैं।
इसके अलावा रोहित टी20 में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में यह 11वीं बार है जब रोहित शून्य पर आउट हुए हैं। वहीं रोहित भारत के लिए 32वीं बार 0 पर आउट हुए हैं।इस लिस्ट में रोहित के बाद केएल राहुल का नाम आता है। राहुल अंतरराष्ट्रीय टी20 में पांच बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं। इन दोनों के अलावा विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और वॉशिंगटन सुंदर चार- चार बार शून्य पर आउट हुए हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर रोहित ने मिड ऑफ पर शॉट खेला और रन के लिए दौड़ लगा दी। डेंजर एंड रोहित का था और कॉल भी रोहित का था। लेकिन गिल अपनी क्रीज़ ने नहीं निकले, जिसके चलते रोहित भी नॉन स्ट्राइकर एंड पर आकार खड़े हो गए और रनआउट हो गए। इसके बाद रोहित गिल पर भड़क उठे और आगबबूला हो गए। पवेलियन जाते-जाते कप्तान ने गिल को जमकर सुनाया।

