नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र का आज 16वां दिन है। लोकसभा में प्रश्नकाल की शुरुआत के साथ ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। सांसद सदन में वी वॉन्ट जस्टिस के नारे लगाते हुए वेल के पास पहुंच गए। इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
विपक्ष के करीब 300 सांसदों ने मकर द्वार से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च शुरू कर दिया है। विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रगान गाया। ये सभी हाथों में ‘वोट बचाओ’ के बैनर लेकर चल रहे हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कहा था कि INDIA ब्लॉक ने मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं मांगी।
आज पेश हो सकते हैं 3 नए बिल
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में आज रिवाइज्ड इनकम टैक्स बिल 2025 पेश कर सकती हैं। 31 सदस्यों वाली सिलेक्शन कमेटी की ओर से बदलाव के सुझावों के बाद 8 अगस्त को सीतारमण ने न्यू इनकम टैक्स बिल 2025 को वापस ले लिया था।
संसदीय समिति ने 21 जुलाई को लोकसभा में रिपोर्ट पेश की थी। कमेटी ने सुझाव दिए थे कि बिल में चीजों को और ज्यादा स्पष्ट और सख्त करना चाहिए। अस्पष्ट चीजों को हटाना और नए कानून को मौजूदा फ्रेमवर्क के साथ जोड़ना चाहिए। सिलेक्शन कमेटी ने 4584 पन्नों की रिपोर्ट में कुल 566 सजेशन और रिकमेंडेशन दिए थे।
इनके अलावा राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025, राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक 2025 और भारतीय बंदरगाह विधेयक 2025 भी पेश किया जाएगा।
विपक्षी सांसदों ने मार्च की शुरुआत राष्ट्रगान से की
संसद के मकर द्वार पर जुटने लगे सांसद
राज्यसभा में भी विपक्ष का हंगामा, सदन 2 बजे तक स्थगित
राज्य सभा में जीरो आवर के दौरान विपक्ष ने नारेबाजी की। सांसद वोट चोरी बंद करो के नारे लगाते हुए सभापति की आसंदी के पास पहुंच गए। इसके बाद कार्रवाई को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
15 दिनों में अब तक 2 दिन चर्चा हुई
21 जुलाई को शुरू हुए मानसून सत्र के बाद से संसदीय कार्यवाही करीब ठप रही है। बिहार में वोटरों के वेरिफिकेशन मामले पर विपक्षी पार्टियों ने हर दिन विरोध-प्रदर्शन किए।
15 दिनों के दौरान, सिर्फ 28 और 29 जुलाई को सदन में पूरे दिन की कार्यवाही चली। दोनों दिन, पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर दोनों सदनों में चर्चा हुई थी।
मानसून सत्र 32 दिन चलेगा, 18 बैठकें होंगी
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक यानी कुल 32 दिन चलेगा। इस दौरान 18 बैठकें होंगी, 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण 13-14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।
केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं।
पहले दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होगी। कमेटी ने 285 सुझाव दिए हैं। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा।

