Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

BJP का नगरपालिका चेयरमैन ₹2.27 लाख रिश्वत लेते पकड़ा:भिवानी के ठेकेदार से ढाई परसेंट कमीशन मांगा; 5 माह पहले जुलाना में चुनाव जीता

जुलाना/जींद : हरियाणा के जींद जिले की जुलाना नगर पालिका के BJP चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार कर लिया। ACB टीम ने उसके अस्पताल के रिसेप्शनिस्ट सतबीर को 2.27 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद ACB चेयरमैन को भी पकड़कर ले गई।

भिवानी के ठेकेदार ने ACB को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि जुलाना चेयरमैन ने उसका बिल पास कराने के लिए रिश्वत मांगी। चेयरमैन ने कुल राशि का ढाई परसेंट कमीशन मांगा। इसी शिकायत पर शनिवार को ACB ने कार्रवाई की। संजय जांगड़ा 5 महीने पहले चेयरमैन बना था। उसका जुलाना में ही अस्पताल है।

ACB की टीम चेयरमैन को गाड़ी में बैठाकर ले गई।

ACB की टीम चेयरमैन को गाड़ी में बैठाकर ले गई।

कैसे पकड़ा चेयरमैन और रिसेप्शनिस्ट

  • चेयरमैन ने ढाई प्रतिशत कमीशन मांगा: ACB के DSP ने बताया कि भिवानी के ठेकेदार मनोज ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि तालाब जीर्णोद्धार की रकम को पास करने की एवज में जुलाना नगर पालिका का चेयरमैन ढाई प्रतिशत कमीशन के हिसाब से रिश्वत मांग रहा है। कुल राशि को पास करने की एवज में 2 लाख 27 हजार रुपए रिश्वत मांगी।
  • ठेकेदार को पाउडर लगे नोट दिए: DSP ने बताया कि सूचना के बाद टीम का गठन किया। इसके बाद शिकायतकर्ता को 2 लाख 27 हजार रुपए मार्क करके पाउडर लगाकर दे दिए। शिकायतकर्ता ने भाजपा नेता डॉ. संजय जांगड़ा से बात की, तो उसने अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट को पैसे देने को कहा।
  • रिसेप्शनिस्ट पैसों के साथ पकड़ा, चेयरमैन भी गिरफ्तार: शिकायतकर्ता ने जैसे ही रुपए रिसेप्शनिस्ट सतबीर को दिए तो टीम ने तुरंत रेड की और उसे रिश्वत की राशि के साथ पकड़ लिया। साथ ही टीम ने चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया। टीम ने जब सतबीर के हाथ धुलवाए तो उसके हाथों का रंग लाल हो गया। टीम ने मौके से डीवीआर को भी कब्जे में लिया।

जुलाना में तालाब का किया जा रहा था सौंदर्यीकरण

जुलाना के हांसी मार्ग पर तालाब का सौंदर्यीकरण किया जा रहा था, जिस पर लगभग साढ़े 4 करोड़ की लागत आनी थी। लेकिन कोर्ट स्टे के कारण काम रूका हुआ था। तालाब के सौंदर्यीकरण का लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था।

35 सालों से जुलाना में अस्पताल चला रहा

डॉ. संजय जांगड़ा पिछले 35 सालों से जुलाना में ही अपना अस्पताल चला रहा है। वह भाजपा के ​​जुलाना विधानसभा क्षेत्र के चिकित्सक प्रकोष्ठ का संयोजक भी रहा है। जांगड़ा का जन्म 1960 में रोहतक की काठ मंडी में हुआ। उसका परिवार पहले रोहतक में ही रहता था।

5 महीने पहले चेयरमैन बना था डॉ. संजय जांगड़ा

साल 1984 में संजय ने MBBS करके जुलाना में खुद का अस्पताल शुरू किया। अब वह पिछले 35 सालों से जुलाना में ही रह रहा है। इस साल 12 मार्च को हुए नगर पालिका के चुनाव में डॉ. संजय जांगड़ा 671 वोटों से जीतकर चेयरमैन बना था। डॉ. संजय जांगड़ा ने निर्दलीय उम्मीदवार जोगिंद्र को हराया था।

सीएम समेत 9 मंत्रियों ने प्रचार किया

जींद में जुलाना नगर पालिका पर भाजपा ने कितना फोकस किया था, इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि सीएम नायब सैनी समेत 9 मंत्रियों ने उसका प्रचार किया। डॉ. संजय जांगड़ा को हालांकि पार्टी में भीतरघात भी झेलना पड़ा। जुलाना क्षेत्र से भाजपा के 15 स्थानीय नेताओं ने चेयरमैनी के लिए आवेदन किया था। सभी को दरकिनार करते हुए भाजपा ने जांगड़ा को उम्मीदवार बनाया तो उस पर बाहरी का टैग लगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *