Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

तिरुचि शिवा होंगे विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार? जानें दावे पर सांसद ने क्या कहा

नई दिल्ली : भारत के उपराष्ट्रपति के चुनाव की तारीख सामने आ रही है। इस चुनाव को लेकर सत्ताधारी गठबंधन एनडीए और विपक्षी दलों के बीच राजनीति तेज हो गई है। एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णण को उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। अब माना जा रहा है कि विपक्ष भी अपना उम्मीदवार घोषित कर सकता है। इस बीच उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्षी दलों की ओर से DMK सांसद तिरुचि शिवा का नाम चर्चा में आ रहा है। आइए जानते हैं कि इन अटकलों पर सांसद तिरुचि शिवा ने क्या कहा है।

क्या बोले तिरुचि शिवा?

विपक्ष दलों की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलों पर डीएमके सांसद तिरुचि शिवा ने बयान दिया है। तिरुचि शिवा ने कहा- “मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और यह फैसला केवल नेता ही करेंगे। मैं यह बताने वाला व्यक्ति नहीं हूं। मेरे नेता इस पर चर्चा कर रहे हैं।” बता दें कि विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने जानकारी दी है कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार पर फैसला करने के लिए सोमवार को उनकी एक वर्चुअल बैठक होगी।

राधाकृष्णन को सपोर्ट नहीं करेगी DMK- टीकेएस एलंगोवन

डीएमके के वरिष्ठ नेता टीकेएस एलंगोवन ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार बना रही है क्योंकि एक साल से भी कम समय में तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। एलंगोवन ने कहा है कि भाजपा चुनावी फायदे को ध्यान में रखते हुए सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार बना रही है और इसका मकसद लोगों को धोखा देना है। डीएमके नेता ने स्पष्ट संकेत दिया कि उनकी पार्टी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी का समर्थन नहीं करेगी। एलंगोवन ने कहा है कि राधाकृष्णन भाजपा के कार्यकर्ता हैं और उपराष्ट्रपति पद के लिए उनका नामांकन उनका प्रमोशन है। इससे तमिलनाडु का कोई भला नहीं होने वाला।

राधाकृष्णन भी हैं तमिल

एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार घोषित किया है। राधाकृष्णन भी मूल रूप से तमिलनाडु के हैं और काफी समय से बीजेपी, RSS और जनसंघ से जुड़े रहे हैं। ऐसे में अगर विपक्ष तिरुची शिवा को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाता है कि तो ये काफी रोचक मुकाबला होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *