नूंह : हरियाणा के पलवल जिले में एक तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। जहां नशे में धुत एक पुलिस कर्मचारी ने स्कूल से लौट रहे 3 बच्चों को कुचल दिया। इनमें से 2 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस कर्मचारी जब बच्चों को टक्कर मारकर भागने लगा तो आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी है।
मौके पर फिलहाल तनाव का माहौल है। आसपास के थानों की पुलिस को तैनात किया गया है। दोनों बच्चों के शवों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया है। वहीं, घायल बच्चे को रोहतक PGI रेफर कर दिया गया है।

इसी गाड़ी से बच्चों को टक्कर मारी गई।
सड़क किनारे खड़े बच्चों को टक्कर मारी
जानकारी के अनुसार, यह मामला पलवल जिले के हथीन खंड के गांव उटावड़ का है। मृतक बच्चों के पिता शाहबुद्दीन ने बताया कि उनके 3 बच्चे उटावड़ के निजी स्कूल गरीबा पब्लिक स्कूल में पढ़ाई करते थे। इनमें आयान (5) अहसान (7) और अरशान (9) शामिल है।
उन्होंने बताया कि आयान और अहसान पांचवीं कक्षा में पढ़ते थे। छुट्टी के समय जब वे तीनों स्कूल से घर जाने के लिए सड़क के समीप खड़े हुए थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी। इसमें आयान और अहसान की मौत हो गई। जबकि, अरशान की हालत गंभीर है।

