मथुरा : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन की तैयारियों को तेज कर रही है। इसी सिलसिले में 3 और 4 अक्टूबर को मथुरा में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पदाधिकारियों की दो दिन की बैठक होगी।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और महामंत्री संगठन बीएल संतोष समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे।
बैठक की जगह अभी तय नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक वृंदावन, गोवर्धन और परखम स्थित कामधेनु गौ अनुसंधान केंद्र में से किसी एक जगह पर बैठक हो सकती है। इनमें वृंदावन की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। यहां दो जगह देखी गई हैं, इनमें से एक को जल्द फाइनल किया जा सकता है।
संगठन और चुनाव की तैयारियों पर होगी चर्चा
बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा मौजूदा मुद्दों और उनसे निपटने के तरीके पर भी चर्चा हो सकती है। पार्टी की ओर से बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर संगठन की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
ये नेता हो सकते हैं शामिल
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, महामंत्री संगठन बीएल संतोष, आरएसएस के अरुण कुमार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य के शामिल होने की संभावना है।
ब्रज और पश्चिमी यूपी पर भी फोकस
मथुरा में होने वाली बैठक को ब्रज क्षेत्र के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठन की स्थिति पर भी चर्चा हो सकती है। पार्टी यहां की तैयारियों के जरिए आसपास के राज्यों से जुड़े संगठनात्मक समीकरणों पर भी विचार करेगी।
बैठक में मिशन-2027 के लिए संगठन की आगे की कार्ययोजना तय करने, चुनावी तैयारियों की समीक्षा और जमीनी स्तर से मिले फीडबैक पर चर्चा होने की संभावना है।

