Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

जीएलए के कृषि विभाग में एग्रीहैकथॉन से नवाचार को मिला मंच

  • जीएलए में एग्रीहैकथॉन 26 और संवेदन 360 डिग्री का आयोजन, नवाचार से सामाजिक संवेदनशीलता तक दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा

दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के एग्रीकल्चर विभाग में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, नवाचार क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘आइडियाथॉन 2026 – वेयर एग्रीहैकथॉन बिगिन्स’ एवं ‘संवेदन 360’ डिग्री कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान संकाय के मार्गदर्शन में एल्मैग्रो एवं एग्रीवेंचर क्लब द्वारा किया गया। आयोजन में कृषि नवाचार, तकनीकी सोच, रचनात्मकता और सामाजिक संवेदनशीलता का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बतौर सम्मिलित हुए जीएलए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नवाचार, रचनात्मक सोच और निरंतर सीखने के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रोफेसर शैलेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को पहचानने तथा समाज एवं किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीएसएडी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. पुष्कर शर्मा तथा गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मनीष गोयल ने भी विशेष सहभागिता दर्ज कराते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

‘आइडियाथॉन 2026’ में प्रतिभागियों ने कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में तकनीकी दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच, समस्या-समाधान क्षमता तथा व्यावहारिक उपयोगिता को प्रमुखता दी गई। प्रस्तुत विचारों में कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में विद्यार्थियों की सोच दिखाई दी। प्रतिभागियों का मूल्यांकन नवाचार एवं मौलिकता, तकनीकी दृष्टिकोण, व्यावहारिकता, संभावित उपयोगिता तथा प्रस्तुतीकरण की गुणवत्ता जैसे विभिन्न मानदंडों के आधार पर किया गया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। प्रथम विजेता बीएससी ऑनर्स कृषि के छात्र राघवेंद्र एवं निहारिका रहे। द्वितीय स्थान पर बीसीए-डीएस के छात्र ऋषभ मिश्रा, अर्पित सिंह एवं अंकित रहे। इसके बाद आकाश पाठक, चैतन्य एवं सुमिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार की श्रेणी में बीएससी ऑनर्स कृषि के छात्र आर्यन खान, हेमंत एवं रचना विजेता रहे। इसके अतिरिक्त बीटेक कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थी आर्यन अग्रवाल एवं यश गोयल ने भी पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं बीएससी ऑनर्स कृषि के विद्यार्थी आयुष शंकर, अमित कुमार एवं कोमल प्रिया को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में आयोजित ‘संवेदन 360’ कार्यक्रम ने आयोजन को सामाजिक एवं मानवीय दृष्टिकोण से और अधिक व्यापक बनाया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सहानुभूति, सामाजिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करना रहा। संवेदन 360 में कृषि विभाग के छात्र विवेक जोशी ने प्रथम, आदृता एवं बिपुल ने द्वितीय तथा अपर्णा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार एमबीए के अभय कुमार, उज्जवल गुप्ता एवं कृषि संकाय के प्रकाश रेमी को प्राप्त हुआ।

कृषि संकाय के डीन प्रो. शैलेश कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए इन नवाचारी विचारों को जीवंत रूप में धरातल पर उतारने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. आकांक्षा सिंह, क्लब मार्गदर्शक, डॉ. सागर एवं डॉ. श्याम किशोर पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को नवाचार, नेतृत्व, समूह कार्य, रचनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रस्तुत करने, समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर प्रदान किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *