Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

पंजाब में राहुल गांधी ने रोता बच्चा चुप कराया:बाढ़ पीड़ितों से मिले, ट्रैक्टर पर जायजा लिया; पाक बॉर्डर से सटे गांवों में नहीं गए

अमृतसर/गुरदासपुर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज (15 सितंबर) पंजाब का दौरा किया। उन्होंने अमृतसर और गुरदासपुर में अलग-अलग स्थानों पर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। राहुल पंजाब में लगभग साढ़े 6 घंटे रहे। अमृतसर के घोनेवाल गांव में बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में बताते हुए एक बच्चा रो पड़ा, जिसे राहुल गांधी ने गोद में उठाकर चुप कराया।

इसके बाद राहुल गांधी ने गुरदासपुर में भी प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर से दौरा किया। सुरक्षा कारणों के चलते वह पाक बॉर्डर से सटे गांवों में नहीं गए। अपने दौरे के दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। शाम 4 बजे वह पठानकोट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

दौरे के बाद राहुल गांधी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- “बाढ़ ने पंजाब में भारी तबाही मचाई है। आज घोनेवाल में ग्रामीणों से मिला – उजड़े आशियाने, बर्बाद खेत, बिखरी जिंदगियां। दर्द आंखों में साफ दिखता है, मगर हौसला अटूट है।

राज्य और केंद्र सरकार दोनों हर हाल में यह सुनिश्चित करें कि राहत पैकेज और मुआवजा बिना देरी पीड़ितों तक पहुंचे, जिन्हें इस वक्त इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। इस त्रासदी में मैं हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हूं। उनकी आवाज बुलंद करूंगा और उन्हें हर संभव मदद दिलाना मेरा संकल्प है।”

पंजाब में बाढ़ से 23 जिलों के 2,097 गांव प्रभावित हुए हैं, और लगभग 1,91,926 हेक्टेयर में फसलें डूब गई हैं। 15 जिलों में 52 लोगों की जान जा चुकी है।

6 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया था और स्थिति को देखते हुए पंजाब को 1,600 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी। इस पैकेज को भगवंत मान सरकार ने नाकाफी बताया था।

अमृतसर के घोनेवाल गांव में बाढ़ की वजह से टूटा घर देखते राहुल गांधी।

अमृतसर के घोनेवाल गांव में बाढ़ की वजह से टूटा घर देखते राहुल गांधी।

अमृतसर में डूबी फसलें और टूटे घर देखे

राहुल गांधी सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। सबसे पहले वह अमृतसर के घोनेवाल गांव गए। यहां उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिलकर डूबी हुई फसलों और टूटे हुए घरों का जायजा लिया। उन्होंने गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था भी टेका।

इसके बाद, राहुल गांधी गुरदासपुर के गुरचक्क गांव पहुंचे, जहां उन्होंने उस स्थान का दौरा किया जहां बांध टूटने से खेत और घर जलमग्न हो गए थे। उन्होंने किसानों से मुलाकात की और फिर ट्रैक्टर पर सवार होकर आधा किलोमीटर दूर खड़ी अपनी गाड़ी तक पहुंचे।

पाक बॉर्डर से सटे 7 गांवों में नहीं गए

इसके बाद उन्होंने दीनानगर में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। मकौड़ा पत्तन गांव में लोगों से मुलाकात की। राहुल को पाकिस्तान बॉर्डर से सटे 7 गांवों में भी जाना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने उन्हें आगे न जाने की सलाह दी, जिसके बाद राहुल गांधी वापस चले गए।

राहुल के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पंजाब कांग्रेस इंचार्ज भूपेश बघेल और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद रहे।

दीनानगर के मकौड़ा पत्तन गांव में प्रभावितों से बात करते राहुल गांधी।

दीनानगर के मकौड़ा पत्तन गांव में प्रभावितों से बात करते राहुल गांधी।

प्रभावितों ने क्या कहा….

राहुल ने बड़े ध्यान से बात सुनी: गुरचक्क गांव के ही गुरमुख सिंह ने कहा कि राहुल गांधी से हमारी यही बात हुई है कि रावी नदी के बांध को मजबूत किया जाए, क्योंकि हर साल हमें इससे नुकसान होता है। इस गांव में आम आदमी पार्टी का कोई नेता नहीं पहुंचा। राहुल गांधी ने बड़े ध्यान से किसानों की बात सुनी।

रावी नदी का बांध ठीक कराएंगे: गुरदासपुर के गुरचक्क गांव के हरजिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने रावी नदी के ऊपर का बांध ठीक कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में जाकर इसका मुद्दा उठाएंगे। हमारे गांव की 700 एकड़ जमीन जलमग्न हो गई है। राहुल गांधी से पहले कोई विधायक या मंत्री यहां नहीं आए।

राहुल गांधी ट्रैक्टर पर सवार होकर अपनी गाड़ी तक पहुंचे।

राहुल गांधी ट्रैक्टर पर सवार होकर अपनी गाड़ी तक पहुंचे।

राहुल गांधी ने गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा टेका।

राहुल गांधी ने गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा टेका।

राहुल गांधी के साथ अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला भी मौजूद हैं।

राहुल गांधी के साथ अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला भी मौजूद हैं।

अमृतसर के घोनेवाल गांव में घायल व्यक्ति से बात करते राहुल गांधी।

अमृतसर के घोनेवाल गांव में घायल व्यक्ति से बात करते राहुल गांधी।

अमृतसर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं से मिलते राहुल गांधी।

अमृतसर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं से मिलते राहुल गांधी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *