Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

मास्टर साहब कहते हैं, अपनी बुआ से शादी करा दो:भदोही में बच्चे बोले- पूछते हैं, ससुराल में क्या होता है

भदोही (संत रविदास नगर) : हमारे स्कूल के टीचर क्लास में गंदी बातें करते हैं। हम लोगों से पूछते हैं कि महिलाएं अंदर क्या पहनती हैं? ब्लैक बोर्ड पर लिखकर पूछते हैं- ससुराल में क्या होता है? अपनी बुआ से शादी करा दो। हम लोग इन बातों का विरोध करते हैं हाथों पर डंडे मारते हैं।’

यह आरोप है भदोही के सुरियावा ब्लॉक के पूरे मनोहर गांव के पूर्व माध्यमिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का। उन्होंने बताया कि गुरुजी की गंदी बातों से पूरे स्कूल के बच्चे परेशान हैं। कई बार शिकायत की, तो उन्होंने हम लोगों को डंडे से पीटा। अतिरिक्त बेसिक शिक्षा अधिकारी (ABSA) की जांच में भी टीचर के खिलाफ आरोप सही पाए गए हैं।

यह पूर्व माध्यमिक स्कूल पूरे मनोहर गांव में है। पढ़ने वाली एक बच्ची की मां गुंजा देवी ने टीचर सत्य प्रकाश गौतम की शिकायत लेकर पिछले हफ्ते डीएम ऑफिस पहुंचीं। टीचर की गंदी करतूत के बारे में बताकर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने बताया- टीचर सत्य प्रकाश गौतम स्कूल में बच्चों से अश्लील बातें करते हैं। इसको लेकर स्कूल के बच्चे परेशान हैं। सहयोगी अध्यापक भी उनके इस कृत्य से परेशान हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने उन पर एक्शन लेकर 8 बार उनका वेतन रोककर स्पष्टीकरण भी मांगा। लेकिन, टीचर ने खंड शिक्षा अधिकारी को भी डरा-धमकाकर मामले को दबा दिया।

ये टीचर सत्य प्रकाश गौतम हैं, जो कैमरा देखते ही भाग निकले।

ये टीचर सत्य प्रकाश गौतम हैं, जो कैमरा देखते ही भाग निकले।

मीडिया को देख स्कूल से भागा टीचर

जब गुरुवार को मीडिया इस मामले में टीचर का पक्ष जानने स्कूल पहुंचे, तो सत्य प्रकाश गौतम क्लास छोड़कर भाग गए। उनसे आरोपों को लेकर सवाल पूछा गया तो कहने लगे कि पहले डीएम से पूछकर आइए। इतना कहते हुए सत्यप्रकाश स्कूल के बगल खेतों से होते हुए गांव की तरफ भागने लगे।

जब बच्चों और उनके पेरेंट्स से टीचर सत्य प्रकाश गौतम के बिहेवियर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने उनकी गंदी करतूतों के बारे में खुलकर बताया।

बच्ची बोली- साइंस के सब्जेक्ट में पूछते हैं ससुराल में क्या होता है?

क्लास- 5 में पढ़ने वाली बच्चियां बताती हैं- टीचर सत्य प्रकाश गौतम हिंदी, अंग्रेजी, गणित पढ़ाने की जगह संस्कृत पढ़ाते हैं। वो गंदी बातें पूछते हैं। जब हम लोग पढ़ने की बात करते हैं, तो पीटते हैं। हम लोगों से पूछते हैं कि ससुराल जाने के बाद क्या होता है? सुहागरात क्या होती है? ऐसी तमाम गंदी बातें वो हम लोगों से पूछते हैं।

कक्षा-6 के बच्चे बताते हैं- टीचर सत्य प्रकाश गौतम पढ़ाई नहीं कराते। उसकी जगह हमसे कहते हैं कि अपनी बुआ से मेरी शादी करा दो। तुम्हारी मां क्या पहनती हैं? क्या करती हैं? ऐसी तमाम गंदी बातें बोलते हैं। कई बातों को तो हम लोग बता भी नहीं सकते।

ब्लैक बोर्ड पर शीर्षक लिखा- विचार कल्पना, नीचे अश्लील बातें

विचार कल्पना

शिक्षा से गरीबी कैसे दूर करें?

तकनीकी दक्षता कौशल विकास

फूल की खेती- मोटर मैकेनिक

ससुराल जाने के बाद क्रिया:

बच्चों ने बताया कि ये बातें सत्यप्रकाश ने लिखी हैं।

बच्चों ने बताया कि ये बातें सत्यप्रकाश ने लिखी हैं।

पेरेंट्स बोले- ऐसे टीचर को बर्खास्त कर दें

गांव के एक पेरेंट्स अच्छेलाल उपाध्याय ने बताया- टीचर सत्य प्रकाश गौतम का नेचर खराब है। इससे हमारे बच्चों पर काफी गलत प्रभाव पड़ रहा है। वो जातिवादी विचारधारा की बात करते हैं। कहते हैं कि ब्राह्मण, ठाकुर और यादवों ने कुछ नहीं किया। बच्चों को पढ़ाई कराने की जगह अश्लील बातें बताते हैं। इसको लेकर बच्चे काफी मानसिक रूप से परेशान और डरे-सहमे रहते हैं। ऐसे टीचर को बर्खास्त कर देना चाहिए।

शिक्षक सत्य प्रकाश पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 6 साल से तैनात हैं। बच्चों ने बताया कि वो दोपहर 12 बजे आते हैं। कुछ देर पढ़ाते हैं, उसमें भी बच्चों को पीटते हैं। फिर 1 बजे तक चले जाते हैं।

ABSA बोले- डीएम के आदेश पर हुई जांच, सही पाए गए आरोप

ABSA सुरियावा यशवंत कुमार ने कहा- टीचर सत्य प्रकाश के इसी कृत्य को लेकर पहले खंड शिक्षा अधिकारी रहीं एक महिला काफी परेशान थीं। इस मामले में डीएम के आदेश पर सत्य प्रकाश के कृत्य की जांच की गई है। आरोप सही पाए गए हैं। रिपोर्ट उच्च अधिकारी को सौंप दी जाएगी। जल्द ही उन पर सख्त एक्शन होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *