मथुरा : संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने फ्रेशर फिएस्टा 2025 में गीत, संगीत और नृत्य की एक ऐसी त्रिवेणी बहाई कि पूरा विवि एक मस्ती के माहौल में रम गया। कई दिन से फ्रैशर फिएस्टा की तैयारियों में जुटे छात्र-छात्राएं आज मंच पर अपने कौशल और परिश्रम का परिचय दे रहे थे।
फ्रेशर फिएस्टा की शुरुआत विवि की परंपराओं के अनुसार दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
संस्कृति विवि के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता, सीईओ डा. श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, कुलपति एमबी चेट्टी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के तुरंत बाद विवि की छात्राओं ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। छात्र अंकित और उनके साथियों ने पंजाब के प्रसिद्ध लोकगीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। नए प्रयोग के तहत छात्र-छात्राओं ने कई सारे भजनों को पिरोकर एक सामूहिक गायन किया, जिसकी श्रोताओं ने दिल से ताली बजाकर प्रशंसा की। छात्रा लवली ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया। छात्रा नेहा वीनू और कृतिका ने अपने नृत्य से पार्टी में हरियाणवी मिट्टी की सुगंध बिखेरी।
पंडाल में उपस्थित हजारों छात्र-छात्राओं का जोश देखते ही बनता था। इसी तालियों के शोर के मध्य छात्र हिमांशु के एकल नृत्य ने सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। एक छात्रा ने हरायणवी गीत सुनाया। छात्रा श्रुति और उनके साथियों ने राजस्थानी परंपराओं से ओतप्रोत एक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। छात्रा तनु और प्रभि ने लावनी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की विविधता को ऊंचाइयां दीं।
फ्रेशर फिएस्टा 2025 में विद्यार्थियों ने देश के हर रंग को मंच पर प्रदर्शित करने की जो तैयारी की थी उससे हर कोई बहुत प्रभावित था। मंच पर अर्पिता, अनुष्का और वैष्णवी ने जब बालीवुड के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया तो विद्यार्थियों का जोश और उमंग देखने को बनती थी।
छात्रा उर्वशी और अमन के युगल नृत्य, छात्रा रागिनी और छात्र पार्थ का युगल रैप, छात्राओं का दक्षिण भारतीय शैली में नृत्य देखते ही बनता था। छात्रा तनिष्का और उनके साथी ने बालीवुड गीत, इसी तरह छात्र-छात्राओं के समूह द्वारा बालीवुड के गीतों का मिश्रित गायन सभी के दिलों को छू गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति स्कूल आफ फैशन डिजाइनिंग के निर्देशन में छात्र-छात्राओं की रैंप वाल्क हुई तो पंडाल में बैठे विद्यार्थियों का शोर और तेज आवाजों से की गई प्रशंसा ने पूरे विश्वविद्यालय को गुंजा दिया। इसके बाद छात्र अश्वनी और छात्रा सोनिया ने युगल गायन प्रस्तुत किया। छात्रा प्रीति और उनके साथियों ने भोजपुरी गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।
छात्रा मनीषा, राज लक्ष्मी ने गीत, छात्र सोमनाथ ने जबर्दस्त नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। छात्र श्रेयांस ने शानदार शास्त्रीय नृत्य कर सभी का दिल जीत लिया। नृत्य, संगीत का यह क्रम देर तक चला और विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और तैयारियों से परिचित कराते रहे।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विवि के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता, सीईओ डा. श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, कुलपति एमबी चेट्टी. कैप्स के निदेशक डा. रजनीश त्यागी, स्टूडेंट वेलफेयर के डीन डा. डीएस तोमर को छात्रों की ओर से सम्मानित किया गया।
अंत में छात्र रसिक दुबे ने सभी का धन्यवाद प्रेषित किया।

