- बोले- एक साथ चल रहे नवरात्र रमजान, कहीं कोई हलचल नहीं
कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को कुशीनगर पहुंचे। सीएम योगी ने खड्डा तहसील में आयोजित समारोह में 451 करोड़ रुपये की लागत से 329 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1546 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विधानसभाओं में 461 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब माफिया पर नहीं, महोत्सव पर भरोसा करता है। आप देख रहे हैं कि पहले कोई त्योहार होता था तो बड़ी हलचल मचती थी। अब रामनवमी और रमजान एक साथ चल रहे हैं। लेकिन किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं है, कोई उपद्रव नहीं हो रहा है। पहले बात-बात पर उपद्रव शुरू कर दिया जाता था और प्रशासन सिर्फ देखता रहता था। अब यूपी में ऐसा नहीं हो रहा।
कहा कि यह वही प्रदेश है जहां पहले विकास का पैसा चंद लोगों की जेब में चला जाता था। यहां तक कि राशन भी चंद लोगों की जेब में ही जाता था। पर्व-त्योहार आते ही दंगों के भय से लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे। शासन-प्रशासन पर्वों को प्रतिबंधित कर देता था। आज उत्साह व उमंग के साथ हर पर्व व त्यौहार मनाए जा रहे हैं। वर्तमान में नवरात्र व रमजान एक साथ चल रहे हैं लेकिन कहीं भी कोई हलचल नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में बायोफ्यूल व एथेनॉल उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। चीनी मिलें ठीक से कार्य करें तो यहां प्रचुर मात्रा में एथेनॉल का उत्पादन होने लगेगा। एथेनॉल बनने से पेट्रोल व डीजल के लिए अरब देशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत पेट्रोल व डीजल पर 16 लाख करोड़ रुपए खर्च करता है। अब पेट्रोल व डीजल के लिए हम दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहेंगे बल्कि हमारी निर्भरता सिर्फ अन्नदाता किसानों पर होगी।
सीएम ने कहा कि एथेनाल बनने से पैसा सीधे किसानों के खातों में पहुंचेगा। भारत के पैसे से दुनिया समृद्ध नहीं होगी, बल्कि देश का अन्नदाता किसान समृद्ध होगा। उन्होंने बताया कि एक उद्यमी यहां पर एथेनॉल प्लांट लगाने जा रहे हैं। निवेश के अनुरूप फट्रेंड मैनपावर मिले, इसके लिए हमें आईटीआई, डिग्री कॉलेजों, विश्वविद्यालयों से औद्योगिक संस्थानों को जोड़ने की जरूरत है।
दुनिया भर में होगी कुशीनगर की पहचान
सीएम ने कहा, “यह बुद्ध की स्थली है, यहां देश विदेश से लोग आते हैं। कुशीनगर के लोगों का एयरपोर्ट एक सपना था। हमारी सरकार ने इसे गंभीरता से लिया, ताकि दुनिया भर में कुशीनगर को एक अलग पहचान मिले। हमारी सरकार ने यहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनवाया। अब तो इसमें विमान उड़ान भी भरने लगे हैं।

