जोधपुर : राजस्थान के फलोदी में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां बापिणी उपखंड क्षेत्र के मतोड़ा में टेंपो ट्रेवलर खड़े ट्रेलर में घुस गया। हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं हैं।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रेवलर में सवार सभी लोग जोधपुर के सूरसागर से कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन करने के लिए गए थे। लौटते समय मतोड़ा थाना क्षेत्र में हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रेवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया- शाम करीब 6.30 बजे भारत माला हाईवे पर हादसा हुआ। सड़क पर खड़े ट्रेलर में पीछे से टेंपो ट्रेवलर घुस गया। सभी शवों को ओसियां के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। 2 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
थानाधिकारी ने बताया- हादसे के बाद टेंपो ट्रेवलर में फंसे घायलों और शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी महिपाल सारण ने बताया- भारत माला हाईवे पर साइड में लोगों ने छोटे ढाबे खोल रखे हैं। ट्रक ढाबे के आगे खड़ा था। पीछे से तेज रफ्तार टेंपो ट्रेवलर अपनी लेन में चल रहा था। आगे चल रहे ट्रक से तीसरे लेन में से ओवरटेक कर रही थी। अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से ट्रेवलर टकरा गया।

हादसा इतना भीषण था कि टेंपो ट्रेवलर के परखच्चे उड़ गए।

जोधपुर के रहने वाले सभी लोग बीकानेर के कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन कर लौट रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। बड़ी संख्या में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
चिकित्सा मंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए
फलोदी हादसे पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा- लोहावट के मतोड़ा स्थित हनुमानसागर भारत माला टोल के पास हुए सड़क हादसे का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जो घायल हैं, उन्हें जोधपुर रेफर कर तत्काल एवं समुचित चिकित्सा उपलब्ध करवाने के लिए मेडिकल अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। हम इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
थानाधिकारी बोले- सभी लोग जोधपुर के सूरसागर के रहने वाले
मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया- टेंपो ट्रेवलर में सवार सभी लोग जोधपुर के सूरसागर के रहने वाले हैं। सभी लोग बीकानेर के कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन करने के लिए गए थे। लौटते समय फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र से निकलने वाले भारत माला हाईवे पर हादसे का शिकार हो गए।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा- प्रशासन के संपर्क में हूं
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने फलोदी हादसे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- फलोदी के मतोड़ा में हुए भीषण सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद से लगातार प्रशासन के संपर्क में हूं। अधिकारियों को त्वरित प्रबंध के लिए निर्देशित किया है। जैसी सूचना है उस अनुसार हादसे में बड़ी जनहानि हुई है, अभी हमारा हरसंभव प्रयास है कि घायलों को श्रेष्ठ इलाज मिले। परिजनों को पूरी सहायता दी जाएगी। इस कठिन समय में उनके लिए संबल की प्रार्थना करते हुए सहायता प्रदान करने में तत्पर हूं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। ऊं शांति!

ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी महिपाल सारण ने बताया- भारत माला एक्सप्रेस-वे पर साइड में लोगों ने छोटे ढाबे खोल रखे हैं। ट्रक ढाबे के आगे खड़ा था। पीछे से ट्रेवलर अपनी लेन में चल रही थी। आगे चल रहे ट्रक से तीसरे लेन में से ओवरटेक कर रही थी। अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से ट्रेवलर बस टकरा गई।
सीएम ने विधायक देवेंद्र जोशी को मौके पर भेजा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी जयपुर से जोधपुर के लिए रवाना हुए। विधायक देवेन्द्र जोशी ने मथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक विकास राजपुरोहित से फोन पर बात कर सभी घायलों को त्वरित एवं उच्च स्तरीय प्राथमिक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं प्रशासन को घायलों की हर संभव सहायता के लिए सतर्क रहने की अपील की।

