दैनिक उजाला, मथुरा : सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत आज BSA कॉलेज, मथुरा में छात्राओं की व्यवसायिक उन्नति एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने हेतु एक प्रेरक कैरियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कैरियर कंसल्टेंट एवं खजानी इंस्टीट्यूट की संस्थापक शिप्रा राठी ने छात्राओं को महिला स्वावलंबन, कौशल विकास और सशक्तिकरण पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विभिन्न प्रकार के हुनर और कौशलों के बारे में बताते हुए कहा कि इनको सीखकर छात्राएं अपने करियर को नई दिशा दे सकती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
उन्होंने छात्राओं को कॉर्पोरेट सेक्टर, सामाजिक क्षेत्र, कानून एवं शिक्षा क्षेत्र, अनुसंधान एवं नवाचार क्षेत्र से जुड़े अवसरों के साथ–साथ स्टार्टअप्स, उद्यमिता और उनसे जुड़ी सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों तथा बैंकों द्वारा महिला उद्यमियों को उपलब्ध कराई जाने वाली आर्थिक सहायता और ऋण योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बोलते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम निस्संदेह छात्राओं में रोजगारपरक सोच विकसित करेगा। इससे उनका व्यक्तित्व निखरेगा और वे आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बन सकेंगी।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति की समन्वयक डॉ. संध्या अग्रवाल, डॉ. शांतनु कुमार, डॉ. सुनीता शर्मा उपस्थित रहीं।
मंच संचालन डॉ. अनु गर्ग द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुनीता शर्मा ने किया।

