Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

गजब थी इस फिल्म की कहानी, 9 बार बने रीमेक, 8 बार मोटी कमाई कर खूब छापे नोट

  • 20 साल पहले बड़े पर्दे पर एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई थी, जिसकी कहानी हिट फिल्में देने की मशीन बन गई

दैनिक उजाला, मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड में हिट फिल्मों के रीमेक बनाना आम बात है। किसी फिल्म की कहानी चल निकले तो उसे अलग-अलग भाषाओं में दोबारा बनाया जाता है, और कई बार तो दूसरे देशों में भी नए वर्जन तैयार हो जाते हैं। आज हम आपको एक ऐसी सुपरहिट फिल्म के बारे में बता रहे हैं, जिसके केवल एक-दो नहीं बल्कि पूरे नौ रीमेक बने। खास बात यह है कि इन नौ में से आठ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। यह फिल्म भारतीय सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में शुमार मानी जाती है। दिलचस्प बात यह है कि यह कोई बॉलीवुड फिल्म नहीं, बल्कि साउथ इंडस्ट्री की देन है। सफलता के बाद यह कई भाषाओं में दोहराई गई।

2005 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘नुव्वोस्तानान्ते नेनोददंताना’ वह फिल्म है, जिसके भारत में सबसे ज्यादा रीमेक बनाए गए। प्रभु देवा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सिद्धार्थ, तृषा कृष्णन और श्रीहरी ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। तृषा और सिद्धार्थ की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। प्रकाश राज भी कहानी में अहम किरदार में दिखाई दिए। प्रभु देवा ने निर्देशन के साथ-साथ इसमें एक छोटा कैमियो भी किया था।

ब्लॉकबस्टर साबित हुई फिल्म

हालांकि इस फिल्म को नई कहानी कहा गया, लेकिन माना जाता है कि इसका मूल विचार सलमान खान और भाग्यश्री की ब्लॉकबस्टर ‘मैंने प्यार किया’ से लिया गया था। रिलीज के बाद यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई। लगभग चार करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 18 करोड़ रुपये कमा लिए। सिनेमाघरों के बाहर भीड़ उमड़ने लगी और फिल्म की धमाकेदार सफलता के बाद इसके रीमेक बनाने की होड़ मच गई। हिंदी सहित कुल नौ भाषाओं में इसके नए संस्करण बनाए गए, जिनमें से आठ जबरदस्त हिट रहे।

हिंदी रीमेक हुई फ्लॉप

इन रीमेक्स में केवल हिंदी वर्जन ‘रमैया वस्तावैया’ ही फ्लॉप रहा। प्रभु देवा द्वारा ही निर्देशित इस फिल्म में गिरीश कुमार, श्रुति हासन और सोनू सूद नज़र आए थे। हालांकि इसके गाने लोकप्रिय हुए, लेकिन फिल्म दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाई। 38 करोड़ में बनी इस फिल्म ने देश में सिर्फ 36 करोड़ का कारोबार किया और यही इस फ्रेंचाइज़ का एकमात्र असफल रीमेक बना।

ये हैं रीमेक्स

बाकी भाषाओं में बनीं रीमेक्स ने कमाल कर दिया। कन्नड़ में ‘नीनेलो नानले’, तमिल में ‘उनाक्कम एनाक्कम’, बंगाली में ‘लव यू’, जापानी में ‘निंगोल थजाबा’, उड़िया में ‘सुना चढ़ेई मो रूपा चढ़ेई’, पंजाबी में ‘तेरा मेरा एक रिश्ता’, बांग्लादेश में ‘निस्साश अमर तुमी’ और नेपाली में ‘द फ्लैश बैक: फरकेरा हेरदा’ नाम से फिल्म को फिर से बनाया गया और सभी सुपरहिट रहीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *