पलवल : पलवल जिले के उटावड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि देर रात पांच युवकों ने 14 वर्षीय लड़की का घर से अपहरण किया और उसे जंगल में ले गए। वहां पर युवकों ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद वे लड़की को घर के पास छोड़कर फरार हो गए। उटावड़ थाना पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बकरी दफनाने गए थे पिता और भाई
उटावड़ थाना प्रभारी रेणू शेखावत के अनुसार, पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि उनकी बकरी मर गई थी। रात करीब एक बजे वह और उनका बेटा बकरी को खेतों में दफनाने गए थे। जब वे वापस लौटे तो उनकी 14 वर्षीय बेटी घर पर नहीं मिली। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। तभी एक सफेद रंग की कार उनके घर से कुछ दूरी पर आकर रुकी, जिसमें से उनकी बेटी उतरी और रोती हुई उनकी ओर भागी।
आरोपी युवक का मोबाइल फोन गिरा
पीड़िता ने बताया कि जब पिता और भाई घर पर नहीं थे, तभी रात में साहिद, मुज्जी, राकिम, जुनैद और साहिद नामक युवक कार लेकर आए। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और जैसे ही उसने दरवाजा खोला, आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर बाहर खींच लिया और गाड़ी में डालकर जंगल की ओर ले गए।
वहां आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में घर से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए। जल्दबाजी में आरोपियों का एक मोबाइल फोन मौके पर गिर गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश में दबिशें
परिजन बच्ची को लेकर उटावड़ थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रेणू शेखावत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

