Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

DGCA ने इंडिगो पर लगाया ₹22 करोड़ का जुर्माना, दिसंबर में कैंसिल की थीं हजारों फ्लाइट्स

  • शनिवार को जारी एक बयान में डीजीसीए ने कहा कि इंडिगो के खिलाफ ये कार्रवाई एयरलाइन कंपनी की ऑपरेशनल नाकामियों की समीक्षा के बाद की गई है, जिससे यात्रियों को बड़े पैमाने पर परेशानी हुई थी

DGCA ने शनिवार को इंडिगो पर 22.2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इंडिगो द्वारा पिछले महीने बड़ी संख्या में फ्लाइट्स कैंसिल करने के मामले में डीजीसीए ने एयरलाइन कंपनी के खिलाफ ये कार्रवाई की है, जिसकी वजह से देश भर में लाखों यात्रियों को कई तरह की भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा था। बताते चलें कि इंडिगो ने पिछले साल 2 दिसंबर से लेकर 10 दिसंबर तक 5000 से भी ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल की थी। इसके अलावा, इंडिगो की सैकड़ों फ्लाइट्स काफी देरी से ऑपरेट की गईं।

डीजीसीए ने बयान में क्या कहा

शनिवार को जारी एक बयान में डीजीसीए ने कहा कि इंडिगो के खिलाफ ये कार्रवाई एयरलाइन कंपनी की ऑपरेशनल नाकामियों की समीक्षा के बाद की गई है, जिससे यात्रियों को बड़े पैमाने पर परेशानी हुई थी। डीजीसीए ने देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी पर 68 दिनों के लिए हर दिन 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, इसके साथ ही इंडिगो पर 1.80 करोड़ रुपये का अलग से जुर्माना लगाया है। जिससे कंपनी पर लगाया गया कुल जुर्माना 22.2 करोड़ रुपये हो गया।

FDTL संबंधी नए नियमों का पालन करने में पूरी तरह फेल हो गई थी कंपनी

डीजीसीए ने दिसंबर में ही इंडिगो के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाते हुए कंपनी द्वारा ऑपरेट की जाने वाली कुल फ्लाइट्स में से 10 प्रतिशत फ्लाइट्स कम करने का आदेश दिया था। 8 दिसंबर को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने राज्यसभा को इस मामले में जानकारी दी थी कि  उच्च न्यायालय के आदेश के बाद तैयार किए गए उड़ान ड्यूटी समयसीमा (FDTL) संबंधी नए मानकों में कुल 22 एफडीटीएल दिशानिर्देश थे, जिनमें से 15 को 1 जुलाई 2025 से और बाकी 7 को 1 नवंबर 2025 से लागू किया गया था। 

DGCA ने इंडिगो के टॉप अधिकारियों को जारी किया था नोटिस

राममोहन नायडू ने उच्च सदन में कहा था कि एफडीटीएल के कार्यान्वयन के संबंध में इंडिगो सहित कई हितधारकों से परामर्श किया गया था और सरकार ने ये बहुत स्पष्ट कर दिया था कि सभी एयरलाइंस को सुरक्षा से समझौता किए बिना नियमों का पालन करना होगा। हालांकि, इंडिगो नए दिशानिर्देशों का पालन करने में पूरी तरह से फेल साबित हुई। DGCA ने इस मामले में इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स और COO इसिड्रे पोरक्वेरस को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

डीजीसीए ने पीटर एल्बर्स को ड्यूटी निभाने में बताया था नाकाम

डीजीसीए ने इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स को भेजे नोटिस में कहा था, “CEO के तौर पर, आप एयरलाइन के असरदार मैनेजमेंट को पक्का करने के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन आप भरोसेमंद ऑपरेशन करने और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं देने के लिए समय पर इंतजाम करने में अपनी ड्यूटी निभाने में नाकाम रहे हैं।” नोटिस में कहा गया था कि फ्लाइट सर्विस में रुकावट का मुख्य कारण एयरलाइन के लिए मंजूर FDTL स्कीम को आसानी से लागू करने के लिए बदली हुई जरूरतों को पूरा करने के लिए सही इंतजाम न करना है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *