Breaking
Thu. Apr 30th, 2026

करोड़पति बनने की चाह में कातिल बनी पत्नी, ₹1.20 करोड़ के बीमे के लिए रची पति की मौत की साजिश

  • पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उसका प्रेमी और 4 साथी पहले ही जेल में हैं

चरखी दादरी : हरियाणा के चरखी दादरी जिले में एक पत्नी ने करोड़ों रुपये की संपत्ति और बीमा के 1.20 करोड़ रुपयों के लिए अपने पति की ही हत्या करा दी। सदर थाना पुलिस ने सड़क हादसे के रूप में पेश किए गए इस मामले की गहन जांच करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी और चार अन्य आरोपी पहले ही पुलिस गिरफ्त में हैं। डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार ने बुधवार को थाना प्रभारी सतवीर सिंह व जांच अधिकारी सुरेंद्र दांगी के साथ प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन तकनीकी जांच और परिवार की शिकायत के बाद सच्चाई सामने आई। 

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने फरवरी और अप्रैल 2026 में अपने पति के नाम पर 60-60 लाख रुपये की दो जीवन बीमा पॉलिसियां करवाई थीं। दोनों पॉलिसियों में वह स्वयं नॉमिनी थी। इसके अलावा पति की पैतृक जमीन, लाखों रुपये के लेन-देन और अन्य आर्थिक लाभों पर भी उसकी नजर थी। पुलिस के अनुसार पूरे मामले में करीब दो करोड़ रुपये के फायदे की साजिश रची गई थी।

एक्सीडेंट का नाटक, बहन को हुआ शक

डीएसपी ने बताया कि 19 अप्रैल की रात थाना सदर दादरी क्षेत्र के गांव तिवाला के पास स्कूटी को पीछे से एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पहले इसे सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया। मगर 24 अप्रैल को घायल युवक की बहन ने पुलिस को शिकायत देकर मामले पर संदेह जताया। उसने बताया कि स्कूटी को मामूली नुकसान हुआ, जबकि प्रदीप को गंभीर चोटें आईं। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की दिशा बदलते हुए गहन जांच शुरू की।

मोबाइल और पैसों की जांच ने खोले राज

जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों से कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ने पति के पैसों से खरीदी गई बाइक अपने प्रेमी को दे रखी थी। वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल सबूत भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से सड़क पर टक्कर मारकर इसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था, ताकि हत्या को हादसा साबित किया जा सके।

पूरी गैंग पहुंची सलाखों के पीछे

पुलिस मुख्य आरोपी पत्नी के अलावा मुकेश निवासी बादल, जसबीर उर्फ मोंटी, रवि सांगवान और अक्षय को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी महिला के कब्जे से आईफोन-13 और सिम कार्ड बरामद किया गया है। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। पुलिस मामले की मजबूत चार्जशीट तैयार कर रही है ताकि अदालत में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *