इंदौर : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार (19 सितंबर) को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए जेन-जी से उनके मुद्दों पर बात करेंगे। राहुल दोपहर 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे। शाम साढ़े 5 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
छात्र शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और परीक्षा प्रणाली से जुड़े सवाल राहुल गांधी से कर सकेंगे। राहुल गांधी का इंदौर में पहला और देश में 5वां कार्यक्रम है।
कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जबकि प्रशासन को करीब 15 हजार विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इस कार्यक्रम को 31 शर्तों के साथ अनुमति दी गई है।

कार्यक्रम का 300 फीट का पोस्टर लेकर शुक्रवार को युवा सड़कों पर निकले।

आयोजन स्थल पर शुक्रवार को मौजूद कांग्रेस नेता।

कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने मैदान पर डोम तैयार किए गए हैं।
राहुल चार राज्यों में कर चुके छात्रों की गूंज कार्यक्रम
15-29 साल के 37 करोड़ युवाओं पर फोकस की ये वजह
शहरी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी
सरकार के पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) 2025 के मुताबिक, 15 से 29 साल के युवाओं में बेरोजगारी दर 9.9% है। ग्रामीण इलाकों में युवाओं की बेरोजगारी दर 8.3%, जबकि शहरों में यह 13.6% है। पुरुष युवाओं में यह दर 9.3% और महिला युवाओं में 11.3% है। वहीं, 15 से 29 साल के 24.9% युवा NEET थे। इसका मतलब है- न नौकरी, न पढ़ाई और न कोई ट्रेनिंग।
देश में हर चौथा वोटर जेनजी
चुनाव आयोग के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान देश के कुल मतदाताओं में 18-29 साल के वोटरों की हिस्सेदारी 22.78% थी। यानी लगभग हर 4 में से एक वोटर जेन-जी है।
पीएम का ‘छात्रों की गूंज’ के जवाब में ‘झूठ की गूंज’ वाला तंज
पीएम मोदी ने पिछले दिनों 3 बार अलग-अलग कार्यक्रमों की स्पीच में ‘झूठ की गूंज’ का इस्तेमाल किया। हालांकि, उन्होंने राहुल गांधी का या छात्रों की गूंज नाम नहीं लिया।
1 सितंबर: जीडीपी वृद्धि दर (7.8%) मोदी ने वीडियो जारी कर कहा कि जब भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब “देश के भीतर ही कुछ लोग निराशा के अंधेरे में डूबे हुए हैं और ‘झूठ की गूंज’ फैलाकर निराशा का माहौल बना रहे हैं”।
5 सितंबर: श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में मोदी ने कहा-“मैं जानता हूं, सच की हुंकार के आगे झूठ की गूंज टिक नहीं सकेगी।” उन्होंने हर सरकारी प्रोजेक्ट और सुधार का विरोध करने वालों पर ‘नाराज फूफा’ का तंज भी कसा।
8 सितंबर: वडोदरा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय (MSU) के पवेलियन ग्राउंड पर आयोजित युवा सम्मेलन ‘नमो फॉर विकसित भारत’ में कहा- जो लोग ‘झूठ की गूंज’ से गुमराह करते हैं, वे आपको हर नुक्कड़ और चौराहे पर मिल जाएंगे।

