भरतपुर : भरतपुर में पशु मेला प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक और पूर्व विधायक मंच पर ही भिड़ गए। आखिरी में भाषण देने की बात को लेकर दोनों नेताओं के बीच कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
मामला रविवार दोपहर करीब एक बजे रूपवास में बसंत पशु मेला प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के दौरान का है। कार्यक्रम में बयाना के पूर्व बीजेपी विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल और निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत के अलावा कांग्रेस के पूर्व विधायक अमर सिंह भी मौजूद थे।
विधायक ऋतु बनावत को पहले संबोधन के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि पहले बच्चू बंशीवाल भाषण दें। इसके बाद पूर्व कांग्रेस विधायक अमर सिंह भाषण दें और आखिरी में खुद निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत का भाषण हो। इस बात को लेकर विधायक ऋतु बनावत और पूर्व विधायक बंशीवाल मंच पर ही भिड़ गए

उद्घाटन समारोह में मौजूद निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत, पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल और अमर सिंह समेत अन्य अफसर।

विधायक ऋतु बनावत और पूर्व विधायक बंशीवाल मंच पर भिड़ गए। बीच-बचाव करते थानाधिकारी विनोद मीणा।

विवाद के बाद पूर्व विधायक बंशीवाल को समझाते पुलिसकर्मी सहित अन्य लोग।
आखिरी में भाषण देने को लेकर हुआ विवाद
नगर पालिका की ओर से आज दोपहर करीब एक बजे बसंत पशु मेला प्रदर्शनी का उद्घाटन समारोह रखा गया था। इसमें बयाना की निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत मुख्यअतिथि थीं, जबकि भाजपा के पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल और कांग्रेस के पूर्व विधायक अमर सिंह विशिष्ट अतिथि थे।
कार्यक्रम आयोजकों ने विधायक ऋतु बनावत को पहले संबोधन के लिए कहा। इस पर विधायक ने कहा कि पहले बच्चू बंशीवाल भाषण दें। इसके बाद पूर्व कांग्रेस विधायक अमर सिंह भाषण दें और आखिरी में खुद मैं भाषण दूंगी।
बंशीवाल के इनकार करते ही आमने- सामने हुए
विधायक ऋतु बनावत की बात सुनते ही बीजेपी के पूर्व विधायक ने पहले भाषण देने से इनकार कर दिया। यह सुनकर ऋतु बनावत के पति ऋषि बंसल ने विरोध जताया। इसके बाद तीनों में कहासुनी हो गई। तीनों तेज म्यूजिक के बीच मंच पर ही उलझ पड़े और एक-दूसरे को कायदे में रहने की हिदायत दी।
विवाद बढ़ता देखकर रूपवास थानाधिकारी विनोद मीणा मंच पर चढ़े और बनावत व बंशीवाल के बीच समझाइश की।

समारोह में जिलेभर से किसान और पशुपालक शामिल होने आए थे।
बनावत बोलीं- तय शेड्यूल नहीं माना गया
विधायक ऋतु बनावत ने बताया कि कार्यक्रम में भाषण के लिए मंच पर सबसे पहले बच्चू बंशीवाल को बुलाया गया था, लेकिन वह चाहते थे कि वह सबसे आखिरी में भाषण दें। जबकि प्रोटोकॉल के हिसाब से सबसे आखिरी में प्रजेंट MLA को भाषण देना था।
वहीं पूर्व विधायक बंशीवाल ने कहा कि बनावत आखिरी में बोलना चाहती थीं, जिसे लेकर विवाद हुआ था। हालांकि विवाद के बाद विधायक ऋतु बनावत ने भाषण दिया और उसके बाद कार्यक्रम का समापन कर दिया गया।

