Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

भारत ने 47वीं बार 200+ स्कोर बनाया, हार्दिक ने 109 मीटर लंबा सिक्स लगाया

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। टीम ने इस फॉर्मेट में 47वीं बार 200+ स्कोर का आंकड़ा पार किया। वहीं हार्दिक पंड्या ने 109 मीटर लंबा सिक्स लगाया।

गुरुवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 20 बॉल पर फिफ्टी लगाई। 210 रन का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई।

लगातार 10वीं जीत का रिकॉर्ड

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज कर टूर्नामेंट इतिहास का नया रिकॉर्ड बना दिया। यह जीतों का सिलसिला 2024 सीजन से शुरू हुआ था। दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया हैं, जिनके नाम आठ-आठ लगातार जीत दर्ज हैं।

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत

भारत ने 93 रन से जीत दर्ज कर टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। इससे पहले टीम की सबसे बड़ी जीत 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन से थी।

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में तीसरा सबसे बड़ा टोटल बनाया

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने 20 ओवर में 209/9 रन बनाए। इस सूची में भारत का ही 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया गया 218/4 का स्कोर टॉप पर है।

भारत ने 47वीं बार 200+ स्कोर बनाया

भारत ने टी-20 इंटरनेशनल में 47वीं बार 200 से ज्यादा रन बनाए। यह किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा है। साउथ अफ्रीका (29) और न्यूजीलैंड (28) इस सूची में पीछे हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने 25-25 बार यह आंकड़ा पार किया है।

खास बात यह है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से भारत 14 बार 200+ स्कोर बना चुका है, जबकि इस दौरान किसी अन्य टीम ने सात से ज्यादा बार यह उपलब्धि हासिल नहीं की।

ईशान की 20 गेंदों में फिफ्टी

ईशान किशन ने 20 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया। यह टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए संयुक्त रूप से पांचवीं सबसे तेज फिफ्टी रही। इस सूची में टॉप पर युवराज सिंह की 12 गेंदों वाली ऐतिहासिक पारी है।

ईशान ने पावरप्ले के भीतर फिफ्टी पूरी कर टी-20 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में जगह बना ली। उनसे पहले रोहित शर्मा और केएल राहुल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *