Breaking
Thu. Feb 26th, 2026

मथुरा में बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत, VIDEO:गांव के ही युवको ने चढ़ाई गाड़ी, CHC में हुआ हंगामा

मथुरा/बलदेव : मथुरा जनपद के बलदेव क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मथुरा-बलदेव रोड पर अमीरपुर के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बेटियां छोड़ गया है। CHC बलदेव में दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ।

जानकारी के अनुसार अमीरपुर निवासी ऐसान (27) पुत्र शब्बीर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पैदल बलदेव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऐसान उछलकर सड़क के बीचों बीच जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी में सामने निकलकर आया है कि मृतक और आरोपी एक ही गांव के बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अवस्था में ऐसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन छोटी-छोटी बेटियों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे में बाइक चालक आरिफ (24) पुत्र सिताबो, निवासी अमीरपुर थाना बलदेव, भी घायल हुआ है। उसका इलाज जारी है। मृतक ऐसान मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी सोना (25) और तीन बेटियां जोया (9), फरीर (5) और छह माह की मुस्कान हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना बलदेव के एसआई वीर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना के कारणों की जांच की जाएगी। पुलिस आरोपी के घर पर भी गई थी लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस की माने तो मृतक और आरोपी एक ही गांव के हैं हालांकि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

मंगलवार की सुबह करीब सवा 9 बजे सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि ऐसान सफेद कमीज और पैंट में पैदल ही बलदेव रोड की तरफ जा रहा था। तभी पीछे से उसी दिशा से आ रहे दो मोटर साइकिल सवार पीछे से एक जोरदार टक्कर मार देते है। जबकि मृतक किनारे से चल रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि ऐसान 10 मीटर दूर सड़क के बीचों बीच जा गिरा। जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। तेज टक्कर की आवाज सुनकर आस-पास अपनी दुकानें खोल रहे दुकानदार काम छोड़कर घायलों को उठाने के लिए दौड़े। बाइक सवारों ने हेलमेट नही लगाया था।

मोटरसाइकिल पर बैठा युवक तुरंत खड़ा हो गया। जबकि चालक अचेत पड़ा रहा। सीसीटीवी देखकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या आखिर चालक को सड़क किनारे चल रहा युवक नहीं दिखाई पड़ा? क्योंकि मोटरसाइकिल सवार उसी के पीछे से आ रहा था। सवाल इसलिए भी खड़े हो रहे हैं क्योंकि मृतक और आरोपी एक ही गांव के बताए जा रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *