अलीगढ़ : क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह करीब 4.36 बजे निधन हो गया। वे 60 साल के थे। उन्हें फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर था। कुछ दिन पहले उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।
वहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। पार्थिव शरीर को अलीगढ़ ले आया गया है। यहीं पर अंतिम संस्कार होगा। रिंकू भी चेन्नई से रवाना हो चुके हैं। थोड़ी देर में अलीगढ़ पहुंचेंगे।
इससे पहले, पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह मंगलवार को टीम इंडिया का साथ छोड़कर नोएडा पहुंचे थे। उन्हें टी-20 विश्वकप का प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था।
25 फरवरी को रिंकू चेन्नई लौट गए थे और टीम के साथ जुड़ गए थे। हालांकि, 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए सुपर-8 के मैच में वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। वे सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर फील्डिंग कर रहे थे।
रिंकू की मंगेतर और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने फोन पर दैनिक भास्कर से बात की। बताया- प्रिया कई दिनों से रिंकू के परिवार के साथ हैं। हम भी रात में गए थे। वापस आते वक्त रास्ते में निधन की सूचना मिली।

रिंकू सिंह के पिता का पार्थिव शरीर नोएडा से अलीगढ़ लाया गया।
रिंकू के पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे
क्रिकेटर रिंकू का बचपन काफी कठिनाई भरा रहा है। KKR को दिए एक इंटरव्यू में रिंकू ने अपनी जिंदगी के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था-

परिवार में 5 भाई हैं। पापा सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। हम पांचों भाइयों से भी काम करवाते। हम बाइक पर 2-2 सिलेंडर रखकर होटलों और घरों में डिलीवर करने जाते थे। मैच खेलने के लिए पैसे लगते थे। घरवालों से मांगो तो कहते कि पढ़ाई करो। पापा खेलने के लिए मना करते थे, मम्मी सपोर्ट करती थीं।
रिंकू सिंह के पूर्व कोच बोले- पिता ने क्रिकेटर बेटे के लिए बहुत मेहनत की
रिंकू सिंह के पूर्व कोच मसूद अमीन ने कहा, ‘हमें रिंकू के पिता के निधन की खबर मिली। वह कैंसर से जूझ रहे थे। अस्पताल में भर्ती थे। पिछले 3-4 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। उन्होंने अपने बेटे रिंकू को क्रिकेट खेलने में मदद करने के लिए बहुत मेहनत की थी। तभी वह आज इस मुकाम पर पहुंच सके। उनके पिता गैस हॉकर के तौर पर काम करते थे। आज उनका बेटा इंडिया के लिए खेल रहा है।’
युवराज सिंह बोले- रिंकू के पिता के निधन की खबर सुनकर दिल टूट गया

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने ट्वीट किया, ‘खबर सुनकर दिल टूट गया। ऐसे वक्त कोई भी शब्द काफी नहीं लगता। इस मुश्किल समय में आपके के साथ हूं। उम्मीद है कि आपको अपने आस-पास के प्यार में हिम्मत और ताकत मिलेगी।’
हरभजन सिंह बोले- रिंकू और परिवार के लिए मुश्किल समय

पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा- रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। रिंकू और उनके परिवार के लिए यह बहुत मुश्किल समय होगा। रिंकू T20 वर्ल्ड कप के दौरान अपनी देश और टीम के लिए अपनी जिम्मेदारियों को लेकर पूरी तरह से समर्पित रहे हैं। मेरी दिल से दुआएं उनके और उनके प्रियजनों के साथ हैं।
रिंकू की प्रिया सरोज से पिछले साल सगाई हुई थी, IPL के बाद शादी

तस्वीर 6 अगस्त 2025 की है। इस दिन रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई हुई थी। रिंकू के माता-पिता के साथ सपा चीफ अखिलेश यादव भी मौजूद थे।
- रिंकू और सपा सांसद प्रिया सरोज की सगाई हो चुकी है। दोनों इसी साल जून में 7 फेरे लेने वाले हैं। पिछले साल लखनऊ में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि पिता के निधन के बाद रिंकू की शादी की तारीख पर परिवार फिर से विचार कर सकता है।
- इससे पहले दो बार रिंकू-प्रिया की शादी की तारीख आगे बढ़ी थी। 18 नवंबर, 2025 को पहली तारीख तय हुई, लेकिन क्रिकेट सीरीज के कारण टल गई। फरवरी, 2026 को दूसरी तारीख निकली, लेकिन वर्ल्ड कप के चलते कैंसिल करनी पड़ी।
- रिंकू के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया था कि IPL, 26 मार्च से 31 मई के बीच प्रस्तावित है। जब रिंकू IPL से फ्री होंगे, तभी शहनाई बजेगी। शादी काशी में होगी। रिसेप्शन अलीगढ़ में रखा जाएगा।
रिंकू की मंगेतर के पिता बोले- प्रिया अस्पताल में परिवार के साथ थीं
पिता के निधन की खबर मिलने के बाद रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप से घर वापस लौट रहे हैं। इस बीच रिंकू की मंगेतर और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने फोन पर दैनिक भास्कर से बात की। बताया- प्रिया कई दिनों से रिंकू के परिवार के साथ हैं। हम भी रात में गए थे। वापस आते वक्त रास्ते में निधन की सूचना मिली।

