Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

मथुरा में एक शख्स प्रहलाद बनकर होलिका दहन की आग में कूद गया, सामने आया चौंकाने वाला VIDEO

  • यूपी के मथुरा में एक शख्स प्रहलाद बनकर होलिका दहन की आग में कूद गया, हालांकि शख्स पूरी तरह सुरक्षित है और उसका कहना है कि वह अपनी परंपरा का पालन कर रहा था

मथुरा: यूपी के मथुरा से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक शख्स प्रहलाद बनकर होलिका दहन की आग में कूद गया। हालांकि शख्स पूरी तरह सुरक्षित है और वीडियो में उसे होलिका दहन की आग के बीच से आसानी से गुजरते हुए देखा जा सकता है। दरअसल शख्स ने जो किया, वह एक परंपरा का हिस्सा है। 

होलिका दहन की आग के बीच से गुजरने वाले संजू पांडा ने बताया, “इसकी तैयारी बसंत पंचमी से होलिका दहन तक चलती है। उस समय घर और परिवार से मोह समाप्त हो जाता है और भोजन नहीं किया जाता।” आग के बीच से गुजरने वाली इस परंपरा का पालन फालेन गांव में हुआ। 

संजू पांडा ने बताया, “इस परंपरा के लिए सवा महीने का प्रण लेना होता है, जो बसंत पंचमी से होलिका दहन तक चलता है। इस दौरान ब्रह्मचर्य का पालन करना होता है, घर-परिवार से मोह खत्म हो जाता है। सीमा से बाहर नहीं जाते हैं। सवा महीने तक अन्न भी ग्रहण नहीं करते हैं।”

अनोखी होती है मथुरा और वृंदावन की होली

मथुरा और वृंदावन की होली दुनियाभर में फेमस है। इस दौरान रंग होली, फूल गोली, लठमार होली समेत तमाम कार्यक्रम होते हैं, जिनका आनंद लेने के लिए दुनियाभर से लोग यहां आते हैं। यहां होली का त्यौहार कई दिनों तक चलता है और लोग कृष्ण और राधा की भक्ति में लीन होकर होली का लुफ्त उठाते हैं।

मथुरा और वृंदावन में रास-रंग और आनंद के माहौल के बीच होली खेलना एक सपना है, जिसे पूरा करने के लिए लोग सालों प्लानिंग करते हैं और होली आते ही इस शहर में देश-विदेश से लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। जगह-जगह होलिका दहन किया जाता है और होलिका की आग से गुजरने की परंपरा भी यहां काफी प्रसिद्ध है।

गौरतलब है कि इस बार होली का त्यौहार 4 मार्च को मनाया जा रहा है। हालांकि होलिका दहन 2 मार्च को ही कर दिया गया था क्योंकि 3 मार्च को चंद्र ग्रहण पड़ रहा है। होलिका दहन के बाद अब लोग रंग वाली होली खेलने के लिए उत्सुक हैं और 4 मार्च का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *