Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

निपुण सम्मान समारोह में मथुरा के 340 विद्यालय हुए सम्मानित, शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया गया विशेष बल

दैनिक उजाला, मथुरा : शासन के निर्देशों के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा विभाग, मथुरा द्वारा जीएलए यूनिवर्सिटी में निपुण विद्यालय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विद्यालयों और शिक्षकों के सम्मान का एक प्रेरणादायक मंच बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्रीकांत शर्मा, जीएलए यूनिवर्सिटी के कुलसचिव अशोक कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति तथा खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश शुक्ला द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। उच्च प्राथमिक विद्यालय बरौली की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, वहीं प्राथमिक विद्यालय सनौरा की छात्राओं ने स्वागत गान से अतिथियों का अभिनंदन किया। गढ़ी रौसु के छात्रों ने “देश रंगीला” पर उत्साहपूर्ण प्रस्तुति दी, जबकि प्राथमिक विद्यालय ईशापुर के बच्चों ने जुडो-कराटे का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।

इस अवसर पर कुल 340 निपुण विद्यालयों को अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षकों और विद्यार्थियों का उत्साह दोगुना हो गया।

शिक्षकों के सम्मान का एक प्रेरणादायक मंच बना।

शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि युग निर्माता

विधायक श्रीकांत शर्मा ने अपने विस्तृत और प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि युग निर्माता होता है। वही समाज की दिशा और दशा दोनों तय करता है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र की नींव विद्यालयों में ही रखी जाती है, और इस नींव को मजबूत बनाने का कार्य हमारे शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आज के बदलते समय में शिक्षा का अर्थ केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। शिक्षक बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करें, जिससे वे भविष्य में एक अच्छे नागरिक बन सकें।

छात्राओं ने स्वागत गान से अतिथियों का अभिनंदन किया।

विधायक ने यह भी कहा कि डिजिटल युग में शिक्षकों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्हें नई तकनीकों को अपनाकर बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ना होगा, ताकि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखें और शिक्षा के स्तर को और ऊंचाइयों तक ले जाएं।

खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश शुक्ला ने सभी निपुण विद्यालयों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षक निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे : BSA

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मथुरा जनपद के शिक्षक निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण जनपद की पहचान पूरे प्रदेश में मजबूत हुई है। उन्होंने शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए अगली बार और बेहतर परिणाम देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक प्रशिक्षण विक्रांत कुमार, एसआरजी अमित कुमार, अमित कुमार, दिव्या मिश्रा, शिव कुमार, एआरपी गिरीश कौशिक, स्तुति पांडेय, तेजपाल, देवेंद्र, हरवीर, राजीव, महेश, भारती, देव कुमार, कपिल, प्रीती, पूरन, मुरारी, कुलवंत, जितेन्द्र, प्रकाश, सुनीता, डोरीलाल, शुषेन्द्र मित्तल, राजीव तेहरिया, प्रीती सिंह, पार्वती, मनोज सहित 340 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन अमित कुमार (एसआरजी) द्वारा किया गया।

समारोह ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों और शिक्षकों को सम्मानित करते हुए सभी को प्रेरित किया तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साह प्रदान किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *