हापुड़ : यूपी के हापुड़ में रविवार देर रात 1.30 बजे बारातियों से भरी बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 5 बारातियों समेत 6 की मौके पर मौत हो गई। 7 गंभीर हैं। बारात गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई थी।
बस में कुल 13 बाराती थे। बाकी दूसरी कारों से पीछे आ रहे थे। शादी के बाद वापस लौटते वक्त बस रोड किनारे खड़ी थी। रास्ता काफी सकरा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रोड की ढलान पर पहले बस पलटी, फिर बेकाबू ट्रक भी उस पर पलट गया।
भारी भरकम ट्रक के पलटने पर बस पिचक गई। बस की छत उखड़कर अलग हो गई। बाराती अंदर दब गए। चीख-पुकार मच गई। पीछे आ रहे बारातियों ने पुलिस को सूचना दी। बस के शीशे तोड़कर कुछ लोगों को बाहर निकाला गया। कुछ बाराती इस कदर फंस गए थे कि गाड़ी को गैस कटर से काटकर उनको रेस्क्यू किया गया।
घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा हापुड़ जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर धौलाना थाने में धौलाना-गुलावठी रोड पर हुआ।

टक्कर के बाद ट्रक बस पर पलट गया। बाराती अंदर फंस गए। उनको बड़ी मुश्किल से पुलिस ने रेस्क्यू किया।

ट्रक पलटने की वजह से रेस्क्यू में दिक्कत हुई। करीब एक घंटे तक रेस्क्यू चला, तब जाकर सभी को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद बाराती बस के अंदर ही फंस गए। उन्हें बस की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया।

सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। बस की सीटों की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बस में सवार नदीम ने बताया- बस रुकी हुई थी। मैं ड्राइवर के बगल में कंडक्टर सीट पर बैठा था। रात में करीब 12:35 बजे जैसे ही ट्रक ने टक्कर मारी, बस के सभी शीशे एक झटके में टूट कर चूर-चूर हो गए।
मैं खुद-ब-खुद बस से उछल कर बाहर आ गिरा। सिर पर गहरी चोट आई, पर मेरी जान बच गई। मैं बेहोश हो गया। होश आया तो देखा पूरा ट्रक, बस पर पलटा हुआ था। मेरे परिवार के लोग बीच में दबे चिल्ला रहे थे। तब तक पीछे से अन्य बाराती आ चुके थे।

प्रत्यक्षदर्शी चांद कुरैशी ने बताया- मैं भी बारात के साथ था। पर बस के पीछे दूसरी कार से लौट रहा था। बाकी बारातियों की बस रास्ते में खड़ी थी। तभी तेज रफ्तार ट्रक आया और टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक बस पर ही पलट गया। मरने वाले सभी मेरे रिश्तेदार थे।
दूल्हे के पिता की भी मौत, 4 दिन बाद बेटी की थी शादी
गाजियाबाद के वेवसिटी थाना क्षेत्र के डासना निवासी दूल्हे जाहिद ने बताया- मेरी बारात बुलंदशहर के गुलावठी गई थी। लौटते समय हापुड़ में बारात की बस और ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में 6 की मौत हो गई। 7 लोग घायल हैं। मरने वालों में मेरे पिता यूनुस (50) पुत्र कदीर भी शामिल हैं। 4 दिन बाद 17 अप्रैल को जाहिद की बहन नगमा की भी शादी तय है।
डासना के पूर्व पालिका अध्यक्ष पति आरिफ अली ने बताया- मरने वालों में दूल्हे के पिता यूनुस के अलावा युसूफ (55) पुत्र बशीर, अख्तर उर्फ बबलू (40) पुत्र हामिद, सोनू (25) पुत्र जहीर, मुन्ना (60) पुत्र मेहरबान और बस के चालक हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी अशोक (48) पुत्र रतिराम गिरी शामिल हैं।
घायलों की पहचान नदीम (32) पुत्र इलियास, नईम (32) पुत्र यासीन, जुनैद (24) पुत्र शाहिद, अय्यूब (45) पुत्र साबुद्दीन, हसरत (45) पुत्र अशफाक, हबीब ( 45) पुत्र समसू और सिराजुद्दीन (55) पुत्र ननवा के रूप में हुई है। घायलों का पिलखुवा स्थित रामा मेडिकल कॉलेज अस्पताल से इलाज चल रहा है। सभी घायल और मृतक गाजियाबाद के डासना के रहने वाले हैं।

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उनके बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया-

शादी समारोह से लौट रही यात्रियों से भरी एक बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा तेज रफ्तार और अंधेरे की वजह से हुआ। ट्रक ड्राइवर की भी मौत हो गई है।
थाना प्रभारी धौलाना अवनीश शर्मा ने बताया-

घायलों को पहले धौलाना सीएचसी ले जाया गया। वहां से कुछ को रामा मेडिकल कॉलेज और बाकी को जीएस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

