Breaking
Fri. Apr 17th, 2026

उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 44.4°C:MP-राजस्थान में लू का अलर्ट; छत्तीसगढ़ में 11 दिन पहले ही स्कूल बंद

नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ : देश के पश्चिमी राज्य राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र में तेज गर्मी पड़ रही है। उत्तर भारत में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में पारा 35°C से 45°C के बीच पहुंच गया है। मध्य भारत में एमपी, छत्तीसगढ़, झारखंड में भी अगले 3 दिन भीषण गर्मी और लू का अलर्ट है।

मौसम विभाग ने कहा है कि 20 अप्रैल तक इन राज्यों में गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलेगी। गुरुवार को यूपी के बांदा में तापमान 44.4°C, एमपी के नर्मदापुरम में 43°C, राजस्थान के बाड़मेर में 42.9°C रिकॉर्ड किया गया।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण राज्य सरकार ने 11 दिन पहले स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दीं हैं। मध्य प्रदेश के अनूपपुर-डिंडोरी में भी स्कूलों का टाइम बदलकर सुबह 7 से 12 बजे तक कर दिया गया है।

कर्नाटक-महाराष्ट्र के ऊपर बना एक एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम मध्य भारत की तरफ बढ़ रहा है। इससे तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को भी ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में लू चलेगी। तटीय राज्यों में मौसम उमस भरा रहेगा।

जम्मू-कश्मीर में ओले गिरने का अलर्ट, पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में भारी बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में ओले गिरने का भी ऑरेंज अलर्ट है। वहीं उत्तराखंड, पंजाब-हरियाणा, चंड़ीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

बात पूर्वोत्तर राज्यों की करें तो असम और मेघालय में भारी बारिश होगी। सिक्किम, गंगा से सटे और हिमालय से लगे बंगाल, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम

18 अप्रैल:

  • छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में हीटवेव की चेतावनी है। गुजरात, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।
  • अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है।

19 अप्रैल:

  • छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर लू का अलर्ट है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।
  • अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में आंधी और बिजली की आशंका है।

राजस्थान: 18 शहरों में पारा 40°C पार, बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्म, आज बारिश का अलर्ट

गुरुवार को 18 शहरों में तापमान 40°C से ऊपर पहुंच गया। श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, फलोदी में पारा 42°C दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्म बाड़मेर और जैसलमेर रहे। एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके असर से तेज गर्मी और लू के बीच शुक्रवार को बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश: 20 जिलों में लू का अलर्ट, नर्मदापुरम में पारा 43°C पहुंचा; अनूपपुर में स्कूलों का समय बदला

प्रदेश में इन दिनों गर्मी के तीखे तेवर दिखा रही है। शुक्रवार को 20 जिलों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार को नर्मदापुरम का तापमान 43°C तक पहुंच गया। गर्मी के कारण अनूपपुर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश: 16 जिलों में पारा 40°C के पार, सुबह से ही तेज धूप, गर्म हवाएं चल रहीं; 3 दिन और भीषण गर्मी पड़ेगी

प्रदेश में अब भीषण गर्मी पड़ने लगी है। शुक्रवार सुबह से ही ज्यादातर जिलों में तेज धूप है। गर्म हवाएं चल रही हैं। बांदा का तापमान 44.4°C पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को भी 16 जिलों में तापमान 40°C या इससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तापमान में 2 से 3°C तक उछाल आएगा।

छत्तीसगढ़: रायपुर-दुर्ग, बिलासपुर में हीटवेव का अलर्ट, 48 घंटे में 3°C तक बढ़ेगा तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में तापमान में 1 से 2°C तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में 19 अप्रैल तक हीटवेव यानी लू चलने की संभावना है। गुरुवार को सबसे ज्यादा तापमान 43.5°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया।

झारखंड: 4 जिलों का तापमान हुआ 40°C पार, 19 अप्रैल से लू चलने की संभावना

मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हिस्सों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्‌डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। 19 अप्रैल तक पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू चलने का अलर्ट है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *