लखनऊ : योगी कैबिनेट का आज रविवार को दूसरी बार विस्तार हुआ। 2 कैबिनेट, 4 राज्यमंत्री और 2 राज्यमंत्रियों को प्रमोशन देकर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
राजभवन में सबसे पहले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शपथ ली। इसके बाद सपा से बगावत करने वाले विधायक मनोज पांडेय ने शपथ ली। दोनों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
तीसरे नंबर पर अजीत पाल और फिर सोमेंद्र तोमर ने शपथ ली। दोनों विधायक पहले राज्यमंत्री थे, अब उन्हें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
इसके बाद कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने शपथ ली। चारों को राज्यमंत्री बनाया गया है। कृष्णा पासवान राधे-राधे का पटका पहनकर आई थीं। सुरेंद्र दिलेर भगवा कपड़ों में थे। कृष्णा पासवान ने शपथ ग्रहण के बाद जय श्री राम के नारे लगाए।
नए बनने वाले मंत्रियों में 1 ब्राह्मण, 3 ओबीसी और 2 दलित वर्ग से हैं। चर्चा है कि भूपेंद्र चौधरी को पीडब्ल्यूडी विभाग दिया जा सकता है। जितिन प्रसाद के केंद्र में मंत्री बनने के बाद से यह मंत्रालय योगी के पास ही है।
अब योगी सरकार में मंत्रियों का कोटा फुल हो गया है। कुल 60 मंत्री हैं। इनमें 23 कैबिनेट मंत्री, 16 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 21 राज्यमंत्री हैं। योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 5 मार्च, 2024 को हुआ था।

भाजपा MLC हंसराज विश्वकर्मा बैंड-बाजे के साथ अपने आवास से राजभवन रवाना हुए।

शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए राजभवन के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

