दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया है। वनडे टीम में ईशान किशन की 3 साल बाद वापसी हुई है। रोहित शर्मा और विराट कोहली भी टीम में शामिल हैं। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को दोनों टीमों से आराम दिया गया है।
प्रिंस यादव समेत 4 खिलाड़ी पहली बार भारतीय टीम में शामिल किए गए हैं। प्रिंस को वनडे और मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे को टेस्ट टीम में जगह मिली है।
अफगानिस्तान की टीम जून में भारत दौरे पर आएगी। दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और 3 वनडे खेले जाएंगे। टेस्ट मैच मुल्लांपुर और वनडे मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे।
पंत से उपकप्तानी छिनी, केएल राहुल को जिम्मेदारी
ऋषभ पंत से टेस्ट टीम की उपकप्तानी छीन ली गई है। वे पिछले साल नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उपकप्तान थे। नियमित कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में पंत ने कप्तानी भी की थी। लेकिन अब उनकी जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।
देवदत्त पडिक्कल की नंबर-3 पर वापसी हुई है। वे दो टेस्ट खेल चुके हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट 2024 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। साई सुदर्शन भी टीम में हैं।
ईशान की 3 साल बाद वनडे टीम में वापसी
विकेटकीपर बैटर ईशान किशन को 3 साल बाद वनडे टीम में मौका मिला है। उन्होंने आखिरी वनडे 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेला था। ईशान ने भारत के लिए 27 वनडे में 42.40 की औसत से 933 रन बनाए हैं। उनके नाम एक दोहरा शतक दर्ज है।
ईशान ने इसी साल टी-20 वर्ल्ड कप में 9 मैचों में 317 रन बनाए थे। वे इस टूर्नामेंट में भारत के दूसरे टॉप स्कोरर थे।
गुरनूर, सुथार और हर्ष को पहली बार टेस्ट टीम में मौका
भारतीय टेस्ट टीम में गुरनूर बरार, मानव सुथार और हर्ष दुबे को पहली बार शामिल किया गया है। तीनों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई।
पंजाब के तेज गेंदबाज बरार ने डॉमेस्टिक करियर में 18 फर्स्ट क्लास मुकाबले, 9 लिस्ट-ए और 9 टी-20 मुकाबले खेले हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 52, लिस्ट-ए में 12 और टी-20 में 10 विकेट हैं। गुरनूर IPL में 1 मैच पंजाब किंग्स के लिए 2023 में भी खेल चुके हैं।

6 फीट 4 इंच लंबे पेसर गुरनूर बरार इंडिया-ए के लिए खेल चुके हैं।
राजस्थान के लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने 2022-23 रणजी ट्रॉफी में 39 विकेट लेकर राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज का रिकॉर्ड बनाया था। वह इंडिया-ए टीम का हिस्सा रह चुके हैं और IPL में गुजरात टाइटंस से जुड़े हैं।
विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। वे IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं।
कोहली को बोल्ड कर चर्चा में आए प्रिंस वनडे टीम में पहली बार जगह बनाने वाले प्रिंस यादव घरेलू क्रिकेट में दिल्ली और आईपीएल में लखनऊ सुपरजायंट्स से खेलते हैं। वे टी20 लीग में विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर चर्चा में आए थे। प्रिंस यादव आईपीएल 2026 में 12 मैच में 16 विकेट ले चुके हैं। अपनी टीम के टॉप विकेटटेकर हैं।
रोहित-हार्दिक फिट होने के बाद ही खेल सकेंगे
IPL में रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या चोटिल हो गए थे। हालांकि रोहित ने वापसी कर ली है और वे मुंबई के लिए बतौर इम्पैक्ट प्लेयर मैच खेल रहे हैं। हार्दिक को अब भी वापसी करनी हैं। दोनों का वनडे टीम में नाम हैं, लेकिन BCCI की मेडिकल टीम से क्लीयरेंस मिलने के बाद ही मैच खेल सकेंगे।
भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।

