Breaking
Thu. May 14th, 2026

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मिली जगह, BCCI ने ट्राई सीरीज के लिए स्क्वाड का किया ऐलान

  • भारतीय ए टीम को 9 जून से श्रीलंका में खेली जाने वाले वनडे ट्राई सीरीज में हिस्सा लेना है, जिसमें मेजबान के अलावा अफगानिस्तान-ए टीम भी इसका हिस्सा है

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 9 जून से श्रीलंका की मेजबानी में खेली जाने वाली वनडे ट्राई सीरीज के लिए भारतीय-ए टीम के स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के लिए बीसीसीआई ने कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है, जिसमें सबसे बड़ा नाम 15 साल के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का है। इसके अलावा इस ट्राई सीरीज में भारतीय-ए टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी तिलक वर्मा संभालेंगे तो वहीं उपकप्तान रियान पराग को बनाया गया है। भारतीय-ए टीम के अलावा मेजबान श्रीलंका और इस ट्राई सीरीज में तीसरी टीम अफगानिस्तान-ए की है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा।

यहां पर देखिए ट्राई सीरीज के लिए भारतीय-ए टीम

तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान।

प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह को भी मिली जगह

आईपीएल 2026 के सीजन में कई युवा भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है, जिसमें पंजाब किंग्स की तरफ से खेल रहे ओपनिंग बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह का नाम भी शामिल है जिनको ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए स्क्वाड में जगह मिली है। इसके अलावा स्क्वाड में शामिल अन्य भारतीय खिलाड़ियों को लेकर बात की जाए तो उसमें अंशुल कंबोज, यश ठाकुर, विपराज निगम के अलावा आयुष बडोनी और हर्ष दुबे का नाम शामिल है।

ट्राई सीरीज में टीम इंडिया का रहेगा ये शेड्यूल

श्रीलंका में खेली जाने वाले इस ट्राई सीरीज में भारतीय-ए टीम के शेड्यूल को लेकर बात की जाए तो 9 जून को उनका मुकाबला मेजबान श्रीलंका-ए टीम से होगा, जिसके बाद 11 जून को भारतीय-ए टीम को अफगानिस्तान-ए टीम से मुकाबला खेलना है। 15 और 17 जून को टीम इंडिया का सामना एकबार फिर से श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए टीम से होगा। इस ट्राई सीरीज में टॉप-2 पर खत्म करने वाली टीमों के बीच 21 जून को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस वनडे ट्राई सीरीज के सभी मुकाबले दांबुला के स्टेडियम में खेले जाएंगे।

रेड बॉल सीरीज के लिए बाद में होगा टीम इंडिया का ऐलान

वनडे ट्राई सीरीज खेलने के अलावा भारतीय-ए टीम को इस दौरे पर मेजबान श्रीलंका-ए टीम के खिलाफ 2 रेड बॉल मुकाबले भी खेलने हैं, जिसमें इस सीरीज के लिए बीसीसीआई की तरफ से स्क्वाड का ऐलान बाद में किया जाएगा। इसमें रेड बॉल सीरीज के दोनों ही मुकाबले गाले के स्टेडियम में खेले जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *