मेरठ : मेरठ में CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले 70 साल के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने थाने में पुलिसवालों के सामने कान पकड़कर माफी मांगी। पुलिस जब उसे थाने से बाहर लेकर आई तो वह लंगड़ाता दिखा। उसने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि गलती हो गई। अब ऐसा नहीं होगा। आज यानी शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपी ने 28 मई यानी बकरीद वाले दिन रेलवे रोड पर ईदगाह से निकलने के बाद पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी पर अभद्र टिप्पणी की थी। मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा था- ये हमसे वंदे मातरम के लिए कह रहे हैं। अल्लाह बड़ा है। मोदी-शाह बड़े नहीं हैं। योगी बड़े नहीं है। ये महाराज कहां के हैं। इन पर कई मुकदमे चल रहे हैं।
इस दौरान उसके पीछे 10 से 12 लोग खड़े थे। सभी उसके बयान पर ठहाके लगाकर हंस रहे थे। मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में आरोपी की पहचान देहली गेट के रहने वाले एहसान के रूप में हुई। 29 मई यानी शुक्रवार शाम को पुलिस एहसान को उठाकर रेलवे रोड थाने ले आई।

यह तस्वीर बकरीद वाले दिन की है। मेरठ के रेलवे रोड ईदगाह के बाहर आरोपी ने पीएम मोदी और सीएम योगी पर टिप्पणी की थी।
थाने से बाहर लंगड़ाता दिखा, कान पकड़े
पुलिस के मुताबिक, एहसान पेशे से स्क्रैप कारोबारी है। उसे उसके देहली गेट स्थित घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसका बर्ताव बिल्कुल बदला हुआ नजर आया। थाने में वह कान पकड़कर माफी मांगता रहा। पूछताछ में उसने बताया कि उसे तैश में आकर नफरती भाषा का इस्तेमाल किया था।
गिरफ्तारी के बाद मीडिया को ब्रीफ करने के लिए जब पुलिस आरोपी को थाने से बाहर लेकर आई, तो आरोपी लंगड़ा कर चल रहा था। उसने मीडिया के सामने ही अपने कान पकड़ लिए। सिर झुकाकर चलता दिखा।

यह तस्वीर 29 मई की है। रेलवे रोड थाने में आरोपी ने कान पकड़कर माफी मांगी।
मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया-

29 मई को एक वीडियो सामने आया। इसमें सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने के लिए संवैधानिक पदों पर बैठे सम्मानित व्यक्तियों के खिलाफ अभद्र और अशोभनीय टिप्पणी की जा रही है। वीडियो की जांच के बाद टीमों का गठन किया गया। आरोपी एहसान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

यह तस्वीर बहराइच कोतवाली के बाहर की है। जिसमें मौलाना लंगड़ाते हुए नजर आया था। मामला 2 महीने पहले यानी मार्च का है।
योगी की मां को अपशब्द कहने वाला मौलाना भी लंगड़ाते दिखा था
- इससे पहले, मार्च में सीएम योगी की मां को अपशब्द कहने वाले मौलाना अब्दुल सलीम चतुर्वेदी को बहराइच पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कोतवाली से जेल ले जाते वक्त मौलाना लंगड़ाता और झुककर चलता दिखा था। पुलिसकर्मी उसे सहारा देते नजर आए थे। उसने मुंह पर मास्क लगाया था।
- मौलाना का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगता दिख रहा था। वह कह रहा था- भाषण के दौरान मेरी जुबान से कुछ आपत्तिजनक बातें निकल गईं, जो नहीं निकलनी चाहिए थीं। इसके लिए मैं सीएम और उनकी मां से दिल से माफी मांगता हूं।
- मौलाना को यूपी एसटीएफ ने पूर्णिया से गिरफ्तार किया था। मौलाना ने करीब 2 साल पहले यह अभद्र टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो 6 मार्च को वायरल हुआ था। इसके बाद यूपी में हिंदूवादी संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ समेत कई जिलों में प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की थी।
- बलरामपुर और बहराइच सहित कई जिलों में मौलाना के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। 8 मार्च को विश्व हिंदू परिषद के विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बहराइच कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में पूछताछ के लिए मौलाना को पुलिस ले आई थी।

