Breaking
Mon. Jun 1st, 2026

ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक नहीं मिलेगा खाना, IRCTC ने बदले नियम

  • आईआरसीटीसी ने ट्रेनों में देर रात भोजन सेवा बंद करने का आदेश जारी किया है। अब रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक पैंट्री कार में खाने-पीने की चीजें नहीं

धनबाद : अगर आप लेट नाइट डिनर करना पसंद करते हैं तो सफर के दौरान अपनी यह आदत बदलनी होगी। ट्रेनों में अब देर रात भोजन की सुविधा नहीं मिलेगी। रात 11 से सुबह छह बजे तक पैंट्री सेवा बंद रहेगी। इस दौरान न तो खाने-पीने की वस्तुएं मिलेंगी और गर्म पानी या चाय मिल सकेगी।

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन-आईआरसीटीसी (IRCTC New Food Rule 2026) ने इससे जुड़ा आदेश जारी कर दिया है। इससे अब देर रात भोजन करने वाले यात्रियों को घर से टिफिन पैक करा कर ले जाना होगा या फिर स्टेशन पर उपलब्ध खाने-पीने की वस्तुओं से भूख मिटानी होगी।

पैंट्री की साफ-सफाई व मेंटेनेंस के लिए रात्रि सेवा बंद

यात्रियों से जुड़ी यह सुविधा बंद किए जाने को लेकर आईआरसीटीसी की ओर से कहा गया है कि रात में पैंट्री कार की साफ-सफाई व अन्य मेंटेनेंस के काम कराए जाएंगे।

यात्रियों को पैंट्री कार से स्वादिष्ट के साथ-साथ स्वास्थ्यकर खान-पान सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पैंट्री कार की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

धनबाद से चलने और गुजरने वाली ज्यादातर महत्वपूर्ण ट्रेनें रात में

धनबाद से चलने और गुजरने वाली ज्यादातर महत्वपूर्ण ट्रेनें रात में हैं। यहां से चलने वाली धनबाद-फिरोजपुर कैंट गंगा-सतलज एक्सप्रेस समेत धनबाद होकर गुजरने वाली रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, जोधपुर-हावड़ा, इंदौर-हावड़ा शिप्रा, हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस समेत अन्य कई ट्रेनें चलती हैं। देर रात पैंट्री सेवा बंद होने से यात्रियों को विकल्प ढूंढ़ना होगा।

दूसरी ओर, दिन में चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में रात 11 बजे के बाद खान-पान सेवा नहीं मिलने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म के वेंडर के भरोसे रहना होगा।

धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस के मरीजों की बढ़ेगी परेशानी

धनबाद से चलने वाली एंबुलेंस ट्रेन अलेप्पी एक्सप्रेस में बड़ी संख्या में मरीज सफर करते हैं। धनबाद के अलावा झारखंड के बड़े हिस्से के मरीज इलाज कराने वेल्लूर इसी ट्रेन से जाते हैं। देर रात खान-पान बंद होने, गर्म पानी न मिलने से मरीजों की परेशानी बढ़ जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *