सोनीपत : सोनीपत जिले के राई क्षेत्र में परचून की दुकान पर सामान के पैसे को लेकर हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोप है कि दुकान पर सामान लेने आए पिता-पुत्र ने दुकानदार के साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके प्राइवेट पार्ट पर लात मारी।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने गर्दन पर भी वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गंभीर हालत में दुकानदार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सामान के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी शिकायत में गांव जठेड़ी निवासी नीलम ने बताया कि 16 जून की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपने पति राजेश के साथ परचून की दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान रामसेवक और उसका बेटा समर दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। सामान लेने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पिता-पुत्र पर मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार विवाद बढ़ने पर रामसेवक और उसके बेटे समर ने झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर राजेश को नीचे गिरा लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने राजेश के प्राइवेट पार्ट पर लात मारी और उसकी गर्दन पर भी वार किया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

शव को कब्जे में लेकर सोनीपत के सिविल हॉस्पिटल से खानपुर भेजा गया है, जहां पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।
मारपीट के बाद बेहोश हुआ राजेश
परिजनों के मुताबिक मारपीट के दौरान लगी चोटों के कारण राजेश मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सोनीपत के फीम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज
घटना के बाद मृतक की पत्नी नीलम ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना राई में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रामसेवक और उसके बेटे समर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

शव को लेकर जाते हुए।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जांच थाना राई में तैनात एसआई अशोक द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई।

