कानपुर : कानपुर में सरकारी स्कूल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने पर प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया गया। दरअसल, 1 जुलाई को सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने परमट प्राइमरी स्कूल में पहुंचे थे। उन्होंने केक काटकर बच्चों के साथ अखिलेश का बर्थडे मनाया था।
इसका वीडियो सामने आने के बाद 2 जुलाई को बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने प्रिंसिपल नवीन कुमार त्रिपाठी को सस्पेंड कर दिया। मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने शुक्रवार को विधायक अमिताभ बाजपेई से बात की। उन्होंने बिना नाम लिए कानपुर सांसद रमेश अवस्थी पर निशाना साधा। कहा-

कुछ दिन पहले एक बड़े नेता भी स्कूल गए थे। उन्होंने बच्चों को ब्लैकबोर्ड पर ‘न से नरेंद्र’ और ‘म से मोदी…’ लिखकर पढ़ाया था। उस दौरान एक्शन क्यों नहीं लिया गया।

1 जुलाई 2026 की तस्वीर है। विधायक अमिताभ बाजपेई ने परमट प्राइमरी स्कूल में बच्चों को ड्रेस पहनाई। अखिलेश के जन्मदिन पर बच्चों को गिफ्ट दिए।
मामला
अखिलेश यादव का 1 जुलाई को जन्मदिन था। इस मौके पर कानपुर के आर्यनगर से विधायक अमिताभ बाजपेई ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के परमट प्राइमरी स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में अखिलेश के जन्मदिन का बैनर लगाया गया।
दोपहर 1 बजे स्कूल में केक काटा गया। बच्चों को बैग बांटे गए। विधायक ने इस कार्यक्रम की फोटो और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की। इसकी जानकारी भाजपा नेताओं ने सांसद रमेश अवस्थी को दी।
सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को तलब किया। पूरी रिपोर्ट मांगी। BSA ने 2 जुलाई को ही जांच के आदेश दिए। जांच में स्कूल के प्रिंसिपल नवीन कुमार त्रिपाठी को दोषी पाया गया। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

BSA हरिओम सिंह ने कहा कि जांच में सरकारी स्कूल में राजनीतिक पार्टी के मुखिया का जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद प्रधानाध्यापक कर कार्रवाई हुई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह ने कहा-

सोशल मीडिया से पता चला था कि स्कूल में किसी राजनीतिक पार्टी के मुखिया का बर्थ डे मनाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की जांच रिपोर्ट में प्रिंसिपल दोषी पाए गए। इसके बाद उन पर कार्रवाई की गई।

