बैंकॉक : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक बार में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। थाई अधिकारियों के मुताबिक आग लगने की वजह बिजली के सिस्टम में खराबी हो सकती है।
सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग लगने की वजह की जांच अभी जारी है। फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट ने कहा कि उन्हें रात 12 बजे आग लगने की सूचना मिली। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक इमारत का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
घटनास्थल पर मौजूद एक म्यूजीशियन ने बताया कि बिजली जाने से कुछ देर पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। इसके बाद एक धमाके की आवाज आई और देखते ही देखते पूरे पब में धुआं भर गया।
उन्होंने बताया कि कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के पिछले हिस्से में मौजूद टॉयलेट में घुस गए, जहां पर दम घुटने से उनकी मौत हो गई। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि सभी शव बरामद किए गए हैं।

बार में लगी आग के बाद एक महिला अपनी जान बचाकर भागने की कोशिश कर रही है।

आग लगने के बाद पूरा पब धुएं से भर गया। लोग जान बचाने के लिए किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में घटनास्थल से ऊंची लपटें उठती दिखीं। लोग बाहर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

आग से जल चुके लोगों की बॉडीज को अस्पताल के बाहर रखा गया।

आग के बाद पब के अंदर की तस्वीरों में फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह झुलसी और काली पड़ी दिखाई दे रही हैं।
आग पर आधे घंटे में काबू, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था
रिपोर्ट्स के मुताबिक दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।
यह बार बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित है। स्थानीय स्तर पर इसे रोंग बीयर ना लाट फ्राओ नाम से जाना जाता है। यह इलाके का लोकप्रिय रेस्तरां और मनोरंजन स्थल माना जाता है।
आग बुझने के बाद की तस्वीरों में बार के बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग रखे दिखाई दिए। पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया। अंदर का फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह काली पड़ चुकी थीं। छत के कुछ हिस्से भी उखड़ गए।
गवर्नर बोले- सजावट से तेजी से फैली आग
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने कहा कि पब की छत पर लगी ज्वलनशील सजावट की वजह से आग तेजी से फैली हो सकती है।
उन्होंने बताया कि इमारत के आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) के पास कुछ लोग बेहोश मिले हैं। इससे आशंका है कि बाहर निकलने का रास्ता किसी तरह बाधित था। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन बातों की पुष्टि फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मोटरसाइकिल चालक सुरिन जाइहार्न ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उसने जलते हुए पब से करीब पांच लोगों को बाहर निकलने में मदद की। उसने उनके शरीर पर लगी आग कपड़ों की मदद से बुझाई।
सुरिन ने कहा, “मैं बहुत दुखी हूं। मैंने कई लोगों को मरते देखा। जिन लोगों की मैंने मदद की, उनका क्या हुआ, मुझे नहीं पता।”
फायर ब्रिगेड को सूचना देने वाले एक ड्राइवर ने थाई अखबार डेली न्यूज को बताया कि उसने दो लोगों को बचाने के लिए पब की खिड़कियां तोड़ दी थीं।

बैंकॉक में पब में लगी भीषण आग के बाद घटनास्थल पर जांच के दौरान तस्वीरें लेते फॉरेंसिक पुलिस अधिकारी।
थाईलैंड में पहले भी ऐसे हादसे हुए
- 2022 में बैंकॉक के दक्षिण में एक कस्बे के पब में आग लगने से 22 लोगों की मौत हुई थी।
- 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सैंटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की मौत हुई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
- 2024 में बैंकॉक के मशहूर चातुचक ओपन-एयर मार्केट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 1,000 जानवरों की मौत हो गई थी।

