Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

महाराष्ट्र में पति ने बेरहमी से पत्नी की हत्या की, शव लेकर घंटों कार में घूमता रहा, फिर कर दिया सरेंडर

  • महाराष्ट्र के वाशिम से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, यहां एक पति ने न केवल अपनी पत्नी की हत्या की बल्कि उसके शव को कार में लेकर कई घंटों तक घूमता रहा

वाशिम: महाराष्ट्र के वाशिम में एक पति ने बेरहमी से अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर उसके शव को लेकर घंटों कार में घूमता रहा। चौंकाने वाली बात ये है कि जब पति को कुछ समझ नहीं आया तो उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

वाशिम जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले सलमान खान नेक मोहम्मद खान पर अपनी पत्नी हसीनबानो की हत्या का आरोप है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से हमला किया और फिर गला घोंटकर पत्नी की जान ले ली। 

बताया जा रहा है कि हत्या के बाद वह कई घंटों तक शव को कार में लेकर घूमता रहा। बाद में आरोपी खुद कारंजा शहर पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने कार से हसीनबानो का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पत्नी के चरित्र पर शक बताई जा रही है। 

घटना के समय दंपति अपने तीन छोटे बच्चों के साथ यात्रा पर थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल कारंजा शहर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक और मामला मार्च 2026 में सामने आया था, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को ट्रेन के आगे धकेल दिया था, जिससे महिला की मौत हो गई थी।

आज ही नवी मुंबई से भी आया था चौंकाने वाला मामला

आज ही नवी मुंबई से भी पति-पत्नी के रिश्तों में खून को लेकर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई थी। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। ये मामला 11 महीने पुराना था, जिसका खुलासा आज हुआ। पति बलिराम सूर्यनाथ कुशवाहा (50) की हत्या के मामले में सुनीता कुशवाहा (40) और राहुल दशरथ प्रजापति (30) को गिरफ्तार किया गया। 

इस हत्याकांड को बेहद बर्बरता से अंजाम दिया गया था। पुलिस जांच में पता लगा कि 9 अगस्त 2025 को बलिराम की गला घोंटकर हत्या हुई थी और फिर उनका सिर काट दिया गया था। इसके बाद उनके शव के तीन टुकड़े किए गए थे और उन्हें जंगल में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया गया था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *