- भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 80 रनों की बेहतरीन पारी खेली
दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज भारतीय टीम ने काफी जबरदस्त तरीके से किया है, जिसमें बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले को टीम इंडिया 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में भारतीय टीम को 259 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए उन्होंने 48 के स्कोर तक रोहित शर्मा और विराट कोहली के रूप में दो अहम विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल ने एक छोर से ना सिर्फ पारी को संभाला बल्कि टीम को जीत की तरफ लेकर जाने में भी अहम भूमिका अदा की। गिल एजबेस्टन वनडे मैच में 80 रनों की पारी खेलने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। वहीं अपनी इस पारी के दम पर वह एक बड़ा कारनामा करने में जरूर कामयाब रहे जिसमें विराट कोहली के बाद शुभमन गिल सिर्फ दूसरे ऐसे भारतीय कप्तान हैं जो घर के बाहर किसी एक वेन्यू पर 500 या उससे अधिक रन बनाने में कामयाब हुए हैं।
गिल ने एजबेस्टन में सिर्फ 3 पारियों में पूरे किए 500 रन
शुभमन गिल का साल 2026 में अब तक वनडे फॉर्मेट में जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला है। वहीं एजबेस्टन के ग्राउंड पर उनका अब तक बल्ले से काफी शानदार रिकॉर्ड देखा गया है। पिछले साल यहां पर हुए टेस्ट मैच में जहां गिल ने दो शतकीय पारियां खेली थी तो वहीं इसे इस साल वनडे मैच में भी जारी रखने में भी कामयाब रहे। शुभमन गिल ने अब तक एजबेस्टन के ग्राउंड पर बतौर कप्तान एक टेस्ट और एक वनडे मैच खेलने के साथ सिर्फ 3 पारियों में 255 के औसत से 510 रन बनाए हैं। इसी के साथ शुभमन गिल अब इंग्लैंड में एक वेन्यू पर 500 या उससे अधिक रन बनाने वाले जहां पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं तो वहीं विराट कोहली के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे भारतीय कप्तान हैं जो घर के बाहर किसी एक वेन्यू पर 500 या उससे अधिक रन बनाने में कामयाब हुए हैं। कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर बतौर कप्तान 8 मैच खेलने के साथ 64.37 के औसत से 515 रन बनाने में कामयाब हुए थे।
एक विदेशी वेन्यू पर 500 या उससे अधिक रन बनाने वाले कप्तान
- क्लाइव लॉयड (वेस्टइंडीज) – 626 रन (सिडनी क्रिकेट ग्राउंड)
- क्लाइव लॉयड (वेस्टइंडीज) – 649 रन (मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड)
- ग्रीम स्मिथ (साउथ अफ्रीका) – 610 रन (एजबेस्टन)
- विराट कोहली (भारत) – 515 रन (सिडनी क्रिकेट ग्राउंड)
- शुभमन गिल (भारत) – 510 रन (एजबेस्टन)
गिल का साल 2026 में रहा है 100 से अधिक का औसत
वनडे फॉर्मेट में शुभमन गिल का साल 2026 में बल्ले से जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने सिर्फ 7 मैचों की 6 पारियों में 113.25 के औसत से 453 रन बना चुके हैं। गिल के बल्ले से इस साल वनडे में जहां एक शतकीय पारी देखने को मिली है तो वहीं चार अर्धशतकीय पारियां खेलने में वह कामयाब रहे हैं। गिल अपने इस जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर वनडे में अपने बल्लेबाजी औसत को 60 तक भी पहुंचाने में कामयाब हो गए हैं।

