- कार्यक्रम में परंपरागत विधि-विधान से श्रीराम-सीताजी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी के स्वरूपों का जीएलए के कुलाधिपति द्वारा पूजन किया गया
वृंदावन : श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत होटल बसेरा, रमणरेती रोड पर श्रीरामलीला स्वरूप पूजन एवं भोग का आयोजन भक्तिभाव और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परंपरागत विधि-विधान से भगवान श्रीराम, सीताजी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी के स्वरूपों का पूजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आरती एवं पूजन में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, सेवा और आदर्शों का प्रतीक है। श्रीरामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में भक्ति, सद्भाव और पारिवारिक एकता की भावना मजबूत होती है।
पूजन कार्यक्रम में जीएलए विश्वविद्यालय के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) डॉ. विवेक अग्रवाल ने भी सहभागिता करते हुए भगवान श्रीराम सहित सभी स्वरूपों का पूजन किया। इसके उपरांत विधिवत आरती की गई और श्रद्धालुओं ने सहभोज में भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
यह आयोजन नारायण दास अग्रवाल एवं जीएलए परिवार तथा नरेंद्र अग्रवाल गया वाले परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ। श्रीरामलीला कमेटी वृंदावन ट्रस्ट का भी विशेष सहयोग रहा।

