Breaking
Sat. Jul 18th, 2026

20 दिन से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से क्यों हटाया गया? दिल्ली पुलिस ने बताई वजह

  • दिल्ली पुलिस ने बताया है कि हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की गई है, सोनम वांगचुक की सेहत लगातार बिगड़ रही थी, इसी वजह से उन्हें अस्पताल में शिफ्ट किया गया है

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 दिन से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस ने इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट कर दिया है। पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाया और वांगचुक को सीधे अस्पताल ले गई। सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर दिल्ली पुलिस का बयान भी आया है। दिल्ली पुलिस का साफ कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश पर एक्शन लिया गया है। मेडिकल केयर के लिए सोनम वांगचुक को अस्पताल शिफ्ट किया गया है।

मेडिकल केयर के लिए अस्पताल में शिफ्ट किए गए वांगचुक

DCP नई दिल्ली के आधिकारिक हैंडल से X पर पोस्ट किया गया, ‘हाईकोर्ट के आदेशों और मेडिकल एक्सपर्ट की सलाह के अनुसार, सोनम वांगचुक की बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते समय प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने का प्रयास किया, जिससे थोड़ी अफरातफरी मची; हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित रूप से पूरा कर लिया।’

सोनम वांगचुक मामले पर HC के निर्देश

बीते गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि अनशन के दौरान सोनम वांगचुक की मेडिकल हालत की रोजाना क्लिनिकल निगरानी की जाए। हाईकोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि सरकारी डॉक्टरों की राय के आधार पर जरूरी होने पर कोई भी मेडिकल मदद दी जाए। ये निर्देश चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की डिवीजन बेंच ने सोनम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य पर चिंता जताने वाली एक जनहित याचिका का निपटारा करते हुए दिए थे।

हर नागरिक की जान कीमती होती है और सरकारी अधिकारियों को सोनम वांगचुक को बचाने के लिए हर मुमकिन प्रयास करना चाहिए: दिल्ली हाईकोर्ट

वांगचुक मामले पर नए पुलिस कमिश्नर ने की थी बैठक

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस मुख्यालय में बीते शुक्रवार की देर शाम नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने नई दिल्ली जिले रेंज की ज्वाइंट CP, DCP के साथ सोनम वांगचुक के मामले पर बैठक की थी। बैठक के बाद आज शनिवार की सुबह-सुबह सोनम वांगचुक को पुलिस ने जंतर-मंतर से हटाया और अस्पताल में शिफ्ट किया।

कौन हैं सोनम वांगचुक?

सोनम वांगचुक, इंजीनियर और पर्यावरण कार्यकर्ता हैं। लद्दाख के उलेतोक्पो गांव में सोनम वांगचुक का जन्म हुआ था। सोनम वांगचुक, लद्दाख में शिक्षा-पर्यावरण के क्षेत्र में बदलावों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म ‘3 इडियट्स’ के ‘फुंसुख वांगड़ू’ का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित कहा जाता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *