- मेरठ में स्वाट टीम देहात एवं थाना हस्तिनापुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पति की साजिशन हत्या के मामले का सफल खुलासा किया है
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी घटना का पुलिस ने खुलासा किया है जिसने सभी को हिलाकर रख दिया है। मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि 17 जुलाई को हमें सूचना मिली थी कि अतुल पवार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पत्नी दामिनी ने अपने पति को सांप काटने की सूचना दी थी, जिसके बाद अतुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को गांव भंडोरा ले गए और मृत्यु संदिग्ध प्रतीत होने पर थाना हस्तिनापुर पुलिस को सूचना दी थी। इस के बाद टेक्निकल सर्विलांस किया गया जिसमें सामने आया कि अतुल की पत्नी दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बाद जब दोनों के फोन की जांच की गई तो यह पता चला कि डिब्बे में बंद सांप का फोटो मिला। पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो इन्होंने कबूला कि उन्होंने किसी सपेरे से सांप खरीदा था और दोनों ने मिलकर अतुल की हत्या की साजिश रची थी।
पब्लिक स्कूल का संचालक था अतुल
पुलिस के अनुसार अतुल पंवार जिनकी उम्र 35 साल थी वह पत्नी दामिनी के साथ थाना हस्तिनापुर क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान के पास कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे और वहीं रहते थे। दोनों ने साल 2019 में प्रेम विवाह किया था। स्थानीय पुलिस जब मौके पर पहुंची तो परिजनों ने बताया कि अतुल को अस्पताल भी लेकर गए थे। पुलिस टीम के मन में यह सवाल आया कि सांप चादर में घुसकर क्यों काटेगा! वहीं जांच में यह भी पता चला कि दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस जांच जब आगे बढ़ी तो पता चला कि अतुल स्कूल चलाने से पहले विद्या प्रकाशन में जॉब करता था, तभी उसने 20 लाख का बीमा कराया था। बीमा राशि हड़पकर तुषार और दामिनी ने शादी करने की योजना बनाई थी। तुषार ने दामिनी को भरोसा दिया कि वह बीमा राशि आने के बाद अपनी पत्नी से तलाक ले लेगा। पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि अतुल को बिना नंबर की कार से कुचलने का भी प्रयास किया गया था लेकिन दामिनी ने अतुल को रिपोर्ट दर्ज कराने को यह कहकर मना किया कि बिना नंबर की कार की रिपोर्ट लिखाकर क्या होगा।


पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया
अतुल पंवार की हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ में तुषार ने बताया कि वह और दामिनी लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। दोनों ने मिलकर अतुल की हत्या की साजिश रची जिसमें घटना से एक रात पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई। इसके बाद सोनू और उदय की मदद से एक जहरीला सांप लाकर अतुल के कंबल में छोड़ दिया गया, जिससे सांप के काटने से उसकी मृत्यु हो गई। आरोपियों ने बीमा राशि हासिल करने की योजना बनाई थी, जिसमें सहयोग करने के बदले सोनू और उदय को 5 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। स्वाट टीम देहात एवं थाना हस्तिनापुर पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गांव वालों ने सांप को डिब्बे में बंद कर लिया।

दाएं पैर पर सांप के काटने के निशान मिले।
हस्तिनापुर में किराए के मकान में रहते थे, लव मैरिज की थी
अतुल कुमार (32) बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव के रहने वाले थे। 4 किलोमीटर दूर हस्तिनापुर में पत्नी दामिनी (30) और 6 साल के बेटे के साथ किराए पर रहते थे। पिछले 4 साल से अतुल और दामिनी मकान से 1 किलोमीटर दूर कृष्ण किड्स प्ले स्कूल चलाते थे। स्कूल कक्षा नर्सरी से कक्षा 5 तक है। इसमें करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं।
अतुल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता अजब सिंह (72) गांव में खेती-किसानी करते हैं। मां संतोष देवी (69) गृहिणी हैं। बड़ा भाई कुलदीप फौज से रिटायर हैं। पत्नी, बच्चों के साथ बहसूमा में रहते हैं। दूसरे नंबर के भाई मनदीप ने 4 साल पहले फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। 7 साल पहले अतुल ने दामिनी के साथ लव मैरिज की थी।
परिजनों ने बताया कि अतुल प्ले स्कूल चलाने से पहले एक कंप्यूटर कंपनी में प्राइवेट जॉब करते थे। शादी के बाद पत्नी के साथ मिलकर स्कूल चला रहे थे। सुबह 7 बजे दामिनी ने कॉल कर जानकारी दी। हमें पहले से ही बहू पर शक था। हमने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सबूत जुटाए।

अतुल अपनी पत्नी दामिनी और बेटे के साथ किराये के मकान में रहते थे।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया-

स्कूल संचालक का शव मिलने की सूचना पर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत और नमूने जुटाए। कॉल डिटेल के आधार पर ड्राइवर तुषार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की पूरी बात कबूल कर ली। ड्राइवर तुषार, पत्नी दामिनी, सपेरे सोनू और उदय को गिरफ्तार किया गया है।

ये आरोपी वैन ड्राइवर तुषार है, पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया है।

